छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना का समाचार बेहद दुखद और हृदय विदारक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हादसे में कई लोगों के असामयिक निधन से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहे और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
दरअसल, गुरुवार सुबह करडेगा से कुनकुरी की ओर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। वहीं करीब 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी की बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Comments (0)