रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) को बड़ी सफलता मिली है। मामले के प्रमुख आरोपी और एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे PMLA कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 19 नवंबर तक ED की रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया है। अब सौरभ चंद्राकर सात दिनों तक ईडी की हिरासत में रहेगा।
वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क पर होगी पूछताछ
ईडी की टीम सौरभ चंद्राकर से महादेव ऑनलाइन सट्टा एप से जुड़े वित्तीय लेन-देन, सट्टा नेटवर्क और कारोबार के संचालन को लेकर पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान सिंडिकेट से जुड़े कई अहम पहलुओं की जानकारी मिल सकती है। इसके अलावा सट्टा एप से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में रहेगी।
दुबई से संचालित होता था सट्टा सिंडिकेट
ईडी की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर इस सिंडिकेट का पहला प्रमोटर है, जिसे भारत वापस लाया गया है। सौरभ चंद्राकर और उसके सहयोगी रवि उप्पल ने दुबई स्थित मुख्य कार्यालय से महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन किया था। इसके लिए भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में बेटिंग पैनल की फ्रेंचाइजी बनाई गई थीं।
डिजिटल डेटा और दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ
ईडी अब सौरभ चंद्राकर से उसके सहयोगियों के बयानों, डिजिटल डेटा और विदेशी कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ करेगी। साथ ही धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के अपराध में उसकी भूमिका से जुड़े साक्ष्यों को लेकर भी सवाल-जवाब किए जाएंगे। मामले में ईडी की आगे की जांच जारी है।