मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व पटल पर भारत की शतरंज मेधा को अलंकृत करने वाले श्री डी गुकेश को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय शतरंज ग्रैंडमास्टर गुकेश की नॉर्वे शतरंज-2025 प्रतियोगिता के 6वें राउंड में मैग्नस कार्लसन के खिलाफ अपनी अद्वितीय विजय ने संपूर्ण राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कामना की है कि गुकेश की विजय का यह क्रम अनवरत चलता रहे।
विश्व शतरंज चैंपियन मैग्नस कार्लसन को हराया
भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने नॉर्वे शतरंज 2025 टूर्नामेंट में विश्व शतरंज चैंपियन मैग्नस कार्लसन को हराया। यह जीत 19 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी गुकेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह उनके तेजी से बढ़ते करियर में एक महत्वपूर्ण मील का भी पत्थर है। दरअसल, टूर्नामेंट में पहले दौर में कार्लसन ने गुकेश को आसानी से हरा दिया था और सोशल मीडिया पर जीत का जश्न मनाया था।
Comments (0)