New Delhi | टेक कंपनी Apple ने भारत में Apple Pay लॉन्च कर दिया है। इसके साथ अब भारतीय यूजर्स अपने iPhone, iPad और Apple Watch के जरिए दुकानों, ऐप्स और वेबसाइटों पर पेमेंट कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, लॉन्च के शुरुआती चरण में Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को Apple Pay में जोड़ा जा सकेगा। Mac पर Apple Pay का सपोर्ट भी जल्द उपलब्ध कराया जाएगा। Apple Pay के जरिए यूजर्स NFC कॉन्टैक्टलेस पेमेंट स्वीकार करने वाले स्टोर्स पर सिर्फ डिवाइस टैप करके भुगतान कर सकेंगे। कंपनी का कहना है कि पेमेंट के दौरान हर बार कार्ड नंबर, PIN या OTP दर्ज करने की जरूरत नहीं होगी।
कैसे काम करेगा Apple Pay?
Apple Pay में कार्ड जोड़ने के बाद भुगतान के लिए यूजर अपने Apple डिवाइस का इस्तेमाल कर सकता है। स्टोर पर NFC-enabled मशीन के पास iPhone या Apple Watch ले जाकर भुगतान किया जा सकेगा। ऑनलाइन खरीदारी के दौरान भी Apple Pay के जरिए भुगतान किया जा सकेगा, जिससे बार-बार कार्ड की जानकारी दर्ज करने की जरूरत कम होगी।
Axis Bank के ग्राहकों को मिलेगा शुरुआती सपोर्ट
लॉन्च के समय Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड Apple Pay के साथ इस्तेमाल किए जा सकेंगे। ग्राहक Axis Bank के ऐप के लेटेस्ट वर्जन के जरिए सीधे Apple Wallet में अपना कार्ड जोड़ सकते हैं। इसके अलावा iPhone में Wallet ऐप खोलकर ‘+’ बटन पर टैप करके भी कार्ड ऐड किया जा सकता है। इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। Apple के अनुसार, कार्ड जुड़ने के बाद यूजर Apple Pay से भुगतान शुरू कर सकता है।
कार्ड की जानकारी डिवाइस में नहीं होगी स्टोर
Apple ने Apple Pay की सुरक्षा और प्राइवेसी को इसकी प्रमुख विशेषताओं में बताया है। कंपनी के मुताबिक, यूजर का वास्तविक कार्ड नंबर न तो डिवाइस में स्टोर किया जाता है और न ही Apple के सर्वर पर रखा जाता है। इसके बजाय एक यूनिक Device Account Number बनाया जाता है। इसे एन्क्रिप्ट करके डिवाइस के Secure Element में सुरक्षित रखा जाता है। यह एक सर्टिफाइड चिप है, जिसे पेमेंट से जुड़ी संवेदनशील जानकारी को सुरक्षित रखने के लिए डिजाइन किया गया है। Apple का कहना है कि वह ऐसे ट्रांजेक्शन डेटा को स्टोर नहीं करता जिसे सीधे यूजर से जोड़ा जा सके। कंपनी के मुताबिक, भुगतान से जुड़ी जानकारी यूजर, मर्चेंट और संबंधित बैंक या कार्ड जारी करने वाले संस्थान के बीच रहती है।
iPhone चोरी होने पर पेमेंट किया जा सकता है बंद
अगर Apple डिवाइस खो जाता है या चोरी हो जाता है तो यूजर Find My ऐप के जरिए डिवाइस को ढूंढने, लॉक करने या उस डिवाइस से पेमेंट की सुविधा को सस्पेंड करने की कार्रवाई कर सकता है। इससे खोए हुए डिवाइस के जरिए Apple Pay के अनधिकृत इस्तेमाल का जोखिम कम किया जा सकता है।
रिवॉर्ड और कार्ड फायदे मिलते रहेंगे
Apple Pay के जरिए कार्ड से भुगतान करने पर यूजर्स को अपने संबंधित कार्ड पर मिलने वाले रिवॉर्ड्स और अन्य लाभ जारी रहने की जानकारी दी गई है। यानी Apple Pay का इस्तेमाल करने से कार्ड के मौजूदा रिवॉर्ड प्रोग्राम अलग नहीं होंगे। लॉन्च के समय Apple Pay को भारत में बड़ी संख्या में मर्चेंट्स पर स्वीकार किया जाएगा, जिसमें Apple Store भी शामिल हैं।
Apple Pay को मिलेगा भारत के डिजिटल पेमेंट बाजार का फायदा
Apple की वाइस प्रेसिडेंट जेनिफर बेली ने भारत में Apple Pay की शुरुआत को लेकर कहा कि देश में डिजिटल और कैशलेस पेमेंट का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। कंपनी के मुताबिक, Apple Pay का उद्देश्य रोजमर्रा के कार्ड पेमेंट को आसान, सुरक्षित और प्राइवेट बनाना है। Axis Bank के MD और CEO अमिताभ चौधरी ने भी Apple Pay की शुरुआत को कार्ड ग्राहकों के लिए अतिरिक्त पेमेंट विकल्प बताया। वहीं Mastercard और Visa के अधिकारियों ने भारत में कॉन्टैक्टलेस पेमेंट के विस्तार के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण बताया।
90 से ज्यादा देशों में उपलब्ध है Apple Pay
Apple के अनुसार, Apple Pay भारत से पहले 90 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध था और दुनिया भर में 11,000 से अधिक बैंक तथा नेटवर्क पार्टनर्स के साथ काम करता है। भारत में लॉन्च के साथ Apple ने अपने पेमेंट प्लेटफॉर्म को दुनिया के बड़े डिजिटल पेमेंट बाजारों में से एक में विस्तार दिया है। फिलहाल भारतीय ग्राहकों के लिए Axis Bank के पात्र Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड से शुरुआत की गई है, जबकि आगे Apple Pay के सपोर्ट का विस्तार होने की संभावना है।