उत्तर भारत से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश का मौसम बेहद ठंडा बना हुआ है। बुधवार को ग्वालियर, दतिया, शहडोल, खजुराहो, सतना और अन्य जिलों में दिनभर घना कोहरा छाया रहा। ग्वालियर और दतिया में सुबह साढ़े आठ बजे तक दृश्यता घटकर केवल 50 मीटर रह गई।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हवाओं में नमी बढ़ गई है, जिससे रात और सुबह के समय कोहरा और अधिक गहरा सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव संभव है, लेकिन ठंड से राहत के कोई संकेत नहीं हैं।
शहडोल में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री
बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान मंडला में 29.3 डिग्री सेल्सियस और खंडवा में 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान शहडोल के कल्याणपुर में 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हिल स्टेशन पंचमढ़ी में रात का तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास के अफगानिस्तान क्षेत्र में सक्रिय है। इसके साथ ही मध्य क्षोभमंडल में ट्रफ और उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी प्रभावी है, जिसकी गति लगभग 278 किमी प्रति घंटा है।आगामी 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरोली, सीधी, रीवा, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
Comments (0)