नए साल 2026 के स्वागत को लेकर मध्यप्रदेश में उत्सव का माहौल है। राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को अंग्रेजी नववर्ष की हार्दिक बधाई दी। राज्यपाल ने कहा कि नया साल नई ऊर्जा, नए संकल्प और नए अवसरों का प्रतीक है। वहीं मुख्यमंत्री ने कामना की कि यह वर्ष सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और नवीन संकल्पों की ऊर्जा लेकर आए।
राज्यपाल मंगूभाई पटेल का संदेश
राज्यपाल ने नववर्ष 2026 के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि बीते अनुभवों से सीख लेकर मध्यप्रदेश को प्रगति की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प लें।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता देती है। किसान, युवा, महिलाएँ और वंचित वर्ग सरकार की नीतियों के केंद्र में हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढाँचा और निवेश के क्षेत्र में संतुलित विकास के प्रयास लगातार जारी हैं।
प्रदेशवासियों से गवर्नर की अपील
राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता, जल संरक्षण और संवैधानिक मूल्यों को अपनाते हुए विकास यात्रा में सहभागी बनें। उन्होंने नववर्ष 2026 में आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अंग्रेजी नववर्ष 2026 की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कामना की कि नया वर्ष सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और नवीन संकल्पों की ऊर्जा लेकर आए।
Comments (0)