1 जनवरी 2026 से आम जनता की जेब पर असर डालने वाले कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। आज से 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 111 रुपए बढ़ गए हैं। वहीं, कार खरीदने के लिए भी अधिक कीमत चुकानी होगी। इसके अलावा CNG और घरेलू PNG की कीमतों में कमी आई है।
1. कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 111 रुपए तक बढ़े
आज से 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 111 रुपए तक बढ़ गए हैं। दिल्ली में इसकी कीमत अब ₹1,691.50 हो गई है, जबकि पहले यह ₹1,580.50 थी। मुंबई में सिलेंडर अब ₹1,642.50 में मिलेगा।
2. 12 जनवरी से रेलवे रिजर्वेशन के लिए आधार लिंक जरूरी
12 जनवरी से ऐसे यात्रियों का IRCTC अकाउंट अगर आधार से लिंक नहीं है, तो वे सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक रिजर्व टिकट बुक नहीं कर सकेंगे। यह नियम सिर्फ रिजर्वेशन खुलने के पहले दिन के लिए लागू होगा। इसका उद्देश्य फर्जी अकाउंट्स से होने वाली बुकिंग को रोकना और अधिक से अधिक यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराना है।
3. कारों के दाम बढ़े
1 जनवरी से कई कार कंपनियों ने भारत में अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ा दी हैं। इसमें हुंडई, MG, निसान जैसी कंपनियां शामिल हैं।
4. CNG और घरेलू PNG सस्ती हुईं
पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड (PNGRB) ने 1 जनवरी से गैस ट्रांसपोर्टेशन चार्ज कम किया है। इसके बाद CNG और घरेलू PNG की कीमतें ₹2-3 प्रति यूनिट तक घट गई हैं।
5. एविएशन फ्यूल सस्ता, हवाई टिकटों में राहत संभव
तेल कंपनियों ने एविएशन फ्यूल के दाम लगभग 7 हजार रुपए घटा दिए हैं। दिल्ली में फ्यूल की कीमत ₹99,676.77 से घटकर ₹92,323.02 प्रति किलोलीटर हो गई है। इससे एयरलाइन कंपनियों की ऑपरेशनल कॉस्ट कम होगी और हवाई टिकट सस्ते हो सकते हैं।
6. 8वें वेतन आयोग से बढ़ सकती है सैलरी
केंद्र सरकार ने 8वां वेतन आयोग लागू करने का ऐलान किया है। अभी समयसीमा नहीं बताई गई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह जनवरी 2026 से लागू हो सकता है। इसके लागू होने पर केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और अलाउंस बढ़ सकते हैं।
Comments (0)