मध्यप्रदेश में किसानों की कर्ज़ माफी का मुद्दा एक बार फिर सियासी गर्मी बढ़ा रहा है। मंत्री विश्वास सारंग के एक बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
विश्वास सारंग के बयान पर कमलनाथ का पलटवार
पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि किसानों के साथ रात-दिन धोखा करने वाली भाजपा सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने मेरी सरकार के दौरान हुई किसान कर्ज़ माफ़ी को लेकर सरासर झूठ बोला है। इस झूठ के लिए उन्हें मध्य प्रदेश की जनता और किसान भाइयों से माफ़ी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस सरकार में 26 लाख से ज्यादा किसानों की कर्ज़माफी का दावा
सच्चाई यह है कि कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री की शपथ लेते ही मैंने सबसे पहला काम किसानों की कर्ज़ माफ़ी का किया था। कांग्रेस सरकार ने दो चरणों में 26, 95, 381 (लगभग 27 लाख) किसानों का 11, 646.96 करोड़ रुपया का कर्ज़ माफ़ किया गया। किस ज़िले में कितने किसानों का कितना कर्ज़ माफ़ किया गया, इसकी सूची संलग्न है। अगर भारतीय जनता पार्टी छलपूर्वक कांग्रेस की सरकार गिराकर अपनी सरकार नहीं बनाती तो प्रदेश के बाक़ी किसानों का कर्ज़ भी माफ़ कर दिया जाता। बेहतर होगा झूठ और फ़रेब से प्रदेश की जनता को भ्रमित करने के बजाए भाजपा किसानों से किए गए वे वादे निभाए जो उसने चुनाव के समय किए थे।
किसानों का कर्ज़ तुरंत माफ करे सरकार
गेहूं और धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य का जो वादा भाजपा ने किया था, उसे आज तक पूरा नहीं किया है। प्रदेश के किसानों की आमदनी घटती जा रही है। रबी हो या ख़रीफ़ दोनों सीज़न में प्रदेश का किसान खाद के लिए बुरी तरह परेशान है। बेहतर होगा कि झूठे दावे करने की बजाय भाजपा सरकार किसानों के कल्याण पर ध्यान दे और अगर वाक़ई कर्ज़ माफ़ी के प्रति उसकी कोई संवेदनशीलता है तो प्रदेश के सभी किसानों का कर्ज़ तत्काल माफ़ करे।
Comments (0)