मध्यप्रदेश के लाखों किसानों के लिए बड़ी खबर है। सरकार ने रबी सीजन 2026-27 के लिए गेहूं खरीदी की तारीखों का ऐलान कर दिया है। प्रदेश में 7 फरवरी से गेहूं पंजीयन शुरू होगा, जो 7 मार्च तक चलेगा। इस बार किसानों को बढ़ी हुई MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) का लाभ मिलेगा और सरकार की ओर से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। इसके चलते किसानों की आय में सीधा इजाफा होगा। इस साल गेहूं का कुल भाव 2600 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। पंजीयन और भुगतान के लिए सक्रिय और आधार लिंक बैंक खाता होना अनिवार्य है।
7 फरवरी से 7 मार्च तक रजिस्ट्रेशन
मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं उपार्जन के लिए विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। पूरे प्रदेश में कुल 3,186 पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ किसान अपनी फसल बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इस साल केंद्र सरकार ने गेहूं की MSP 160 रुपए बढ़ाकर 2585 रुपए प्रति क्विंटल कर दी है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों को 15 रुपए प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया है, जिससे कुल भाव 2600 रुपए प्रति क्विंटल होगा।
रजिस्ट्रेशन के लिए आवश्यक दस्तावेज
पंजीयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने कड़े निर्देश दिए हैं। किसानों को पंजीयन केंद्र पर निम्नलिखित दस्तावेज लेकर जाना अनिवार्य होगा
भूमि संबंधी दस्तावेज (खसरा-खतौनी)
आधार कार्ड (मोबाइल नंबर से लिंक होना अनिवार्य)
पहचान पत्र (वोटर आईडी या अन्य)
सक्रिय बैंक खाते की जानकारी
भुगतान की प्रक्रिया और बैंक खाता
किसानों को भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि केवल सक्रिय बैंक खाते ही मान्य होंगे। संयुक्त खाते, बंद हो चुके खाते या डिजिटल बैंक (जैसे पेमेंट बैंक) के खाते पंजीयन के लिए स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
Comments (0)