मध्य प्रदेश में तीन सिस्टम की सक्रियता के चलते मौसम में बदलाव देखा गया है। बुधवार को प्रदेश के लिए बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को कई जिलों में हुई बारिश से तापमान में लगभग तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। ठंड, तेज वर्षा और ओलावृष्टि के कारण ग्वालियर और शिवपुरी जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ के असर से प्रदेश में ठंड के साथ बारिश और ओले गिर रहे हैं। मंगलवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, शिवपुरी, खरगोन, गुना, देवास, खंडवा, शाजापुर और आगरमालवा समेत कई जिलों में भारी बारिश हुई थी।
14 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट
आज बुधवार को 14 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, निवाड़ी, दतिया, छतरपुर, टीकमगढ़, सागर, सतना, मऊगंज, मैहर, रीवा, दमोह और पन्ना में पानी गिरने की संभावना है। इसके अलावा शहडोल, शिवपुरी, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, अशोकनगर, गुना, मंदसौर, नीमच, कटनी और उमरिया में भी बादल छा सकते हैं। ग्वालियर जिले में बारिश और ठंड को देखते हुए शहर के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में कक्षा आठवीं तक छुट्टी घोषित की गई है। सभी आंगनबाड़ियों में भी अवकाश रहेगा। शिवपुरी जिले के स्कूलों में भी आज छुट्टी रहेगी।
Comments (0)