मध्यप्रदेश में मंगलवार रात मौसम ने अचानक करवट बदली। भोपाल, आगर मालवा सहित कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए मैहर, रीवा, शहडोल सहित कई जिलों में ओलावृष्टि, तेज गरज और बिजली गिरने की संभावना जताई है।मौसम विभाग के अनुसार मैहर, उमरिया के बांधवगढ़, रीवा और उत्तर शहडोल के बाणसागर डैम क्षेत्र में ओलावृष्टि के साथ तेज आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। यह स्थिति अगले कुछ घंटों तक बनी रह सकती है।
हल्के आंधी-तूफान के आसार वाले क्षेत्र
प्रदेश के कटनी, रीवा, सतना, चित्रकूट, सोढ़ी, संजय-दुबरी नेशनल पार्क, मऊगंज और दक्षिण शहडोल में मध्यम दर्जे का आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।
हल्की आंधी-तूफान की संभावना वाले जिले
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जबलपुर के भेड़ाघाट, सिंगरौली, पूर्वी पन्ना, टाइगर रिज़र्व, अनूपपुर और अमरकंटक में हल्की आंधी-तूफान और बिजली चमकने की आशंका है।
प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने जनता से आग्रह किया है कि खुले स्थानों से दूर रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे न खड़े हों और केवल आवश्यक होने पर ही बाहर निकलें।