रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान रविवार (1 नवंबर) को नया रायपुर के आसमान में भारतीय वायुसेना का रोमांचक एयर शो होगा। सुबह 11:30 बजे शुरू होने वाले इस शो में वायुसेना के जवान 8 हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट के जरिए छलांग लगाएंगे। आकाशगंगा टीम के 8 जवान C-295 विमान से स्काईडाइविंग करेंगे। इसके बाद MI-17 हेलिकॉप्टर से जवान रस्सी के सहारे नीचे उतरने का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, सारंग टीम के 5 हेलिकॉप्टर आसमान में दिल और हीरे समेत कई आकर्षक आकृतियां बनाएंगे। एयर शो 1 और 2 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।
8 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाएंगे 8 जवान
एयर शो का प्रमुख आकर्षण भारतीय वायुसेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम होगी। इस टीम के 8 प्रशिक्षित जवान करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट के जरिए छलांग लगाएंगे।इसके लिए C-295 विमान का इस्तेमाल किया जाएगा। टीम का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा करेंगे।आकाशगंगा टीम आगरा स्थित पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल से नया रायपुर पहुंची है। टीम के जवान आसमान में स्काईडाइविंग का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित करेंगे।
MI-17 हेलिकॉप्टर से रस्सी के सहारे उतरेंगे जवान
एयर शो में MI-17 हेलिकॉप्टर से जवानों के नीचे उतरने का विशेष प्रदर्शन भी होगा।इस दौरान जवान हेलिकॉप्टर से रस्सी के सहारे जमीन पर उतरेंगे। इस तरह की तकनीक का इस्तेमाल विशेष परिस्थितियों में जवानों को तेजी से किसी स्थान पर पहुंचाने के लिए किया जाता है।इस प्रदर्शन के जरिए दर्शकों को वायुसेना के विशेष ऑपरेशन और जवानों की ट्रेनिंग की झलक देखने को मिलेगी।
5 हेलिकॉप्टर आसमान में बनाएंगे दिल और हीरे की आकृति
एयर शो में भारतीय वायुसेना की सारंग टीम भी अपने हवाई करतब दिखाएगी। टीम के 5 हेलिकॉप्टर एक साथ आसमान में उड़ान भरेंगे।इस दौरान हेलिकॉप्टर आसमान में दिल, हीरे और दूसरी आकर्षक आकृतियां बनाएंगे। टीम के सामूहिक हवाई प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
1 और 2 नवंबर को होगा एयर शो
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के तहत भारतीय वायुसेना का एयर शो दो दिन यानी 1 और 2 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।इसमें वायुसेना की तीन टीमें अपने अलग-अलग करतब दिखाएंगी। स्काईडाइविंग, हेलिकॉप्टर से जवानों के उतरने और सारंग टीम के हवाई प्रदर्शन के जरिए दर्शकों को वायुसेना की क्षमता और कौशल देखने का मौका मिलेगा।