प्रदेश में मौसम शुष्क और ठंडा बना हुआ है। कुछ इलाकों में शीतलहर दर्ज की गई आने वाले दिनों में भी मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रहने की संभावना जताई गई है
प्रदेश में सर्दी का प्रभाव लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम शुष्क रहा, जबकि सरगुजा संभाग के एक-दो इलाकों में शीतलहर दर्ज की गई। आने वाले दिनों में भी मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रहने की संभावना जताई गई है। शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है।रायपुर में सुबह की आद्रता 76 प्रतिशत और शाम को 48 प्रतिशत रही। हवा की औसत गति 2 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में माना एयरपोर्ट का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री, बिलासपुर 11 डिग्री, पेंड्रारोड 7 डिग्री, जगदलपुर 9.5 डिग्री और दुर्ग में 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। एक-दो क्षेत्रों में शीतलहर चल सकती है। अगले दो से तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
रायपुर शहर का हाल
रायपुर में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बिलासपुर का हाल
दिसंबर के अंतिम सप्ताह में बिलासपुर की ठंड ने लोगों को सुबह और शाम अलाव का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है। मौसम के आंकड़ों के अनुसार पूरे महीने न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। हालांकि कड़ाके की ठंड में अब धीरे-धीरे कमी के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन अगले एक सप्ताह तक तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ ठिठुरन बनी रह सकती है।मौसम विभाग के मुताबिक दिसंबर माह में बिलासपुर का न्यूनतम तापमान अधिकांश दिनों में 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। महीने की शुरुआत में ठंड अपेक्षाकृत कम रही, जब न्यूनतम तापमान 13 से 16 डिग्री के बीच दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आगामी तीन दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है। लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Comments (0)