रायपुर । राजधानी रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज की गई है। मामला होटल की संपत्ति पर कब्जा करने, सरकारी सील तोड़ने और जबरन प्रवेश करने से जुड़ा है। आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
8 धाराओं के तहत पुलिस ने दर्ज किया केस
शिकायत में दीपक टंडन और बरखा टंडन पर ताला तोड़ने, अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की 8 धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
2021 में लीज पर दी गई थी होटल की संपत्ति
FIR के मुताबिक, सरिता बाजपेयी ने वर्ष 2021 में अपनी संपत्ति होटल और बैंक्वेट हॉल संचालित करने के लिए दीपक टंडन को लीज पर दी थी। इसी संपत्ति में 'होटल बेलाकासा श्री' का संचालन किया जा रहा था। लीज की शुरुआती अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो गई थी, जिसके बाद आपसी सहमति से इसे दो बार 11-11 महीने के लिए बढ़ाया गया।
7 अप्रैल 2026 को खत्म हुई लीज की अंतिम अवधि
शिकायत के अनुसार, लीज की अंतिम अवधि 7 अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई थी। आरोप है कि पिछले करीब एक साल से किराया भी नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था। प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं होने के कारण नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल को सील कर दिया था।
सरकारी सील तोड़कर अंदर रहने का आरोप
सरिता बाजपेयी का आरोप है कि 23 अगस्त को जब वे संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं, तब बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके कर्मचारी नगर निगम की सील तोड़कर अंदर मौजूद थे। इसकी शिकायत नगर निगम में की गई थी, जिसके बाद संपत्ति को दोबारा सील कर दिया गया।
पुलिस की मौजूदगी में खोली गई थी होटल की सील
FIR के अनुसार, 30 सितंबर को संपत्ति की चाबी सौंपने को लेकर बातचीत हुई थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को नगर निगम के जोन-10 के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में होटल की सील खोली और पंचनामा तैयार किया था।
27 अक्टूबर को दोबारा ताले तोड़कर घुसने का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, अगले दिन यानी 27 अक्टूबर को जब वे अपने साथी के साथ होटल पहुंचीं, तो बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके साथियों ने मेन गेट सहित अंदर के ताले तोड़ दिए। आरोप है कि इसके बाद सभी जबरन संपत्ति के अंदर घुस गए।
बिलासपुर में भी गिरफ्तार हो चुके हैं दीपक टंडन
गौरतलब है कि इससे पहले 6 नवंबर को बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने दीपक टंडन को AI से तस्वीरों में छेड़छाड़ और कथित ब्लैकमेलिंग के मामले में गिरफ्तार किया था। अब रायपुर में होटल संपत्ति विवाद को लेकर उनके और उनकी पत्नी के खिलाफ एक और FIR दर्ज हुई है।