रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। शहर में गांजा सेवन के लिए उपयोग होने वाले गोगो, चिलम और रोलिंग पेपर की अवैध बिक्री करने वाले पान ठेले और गुमटियों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस टीमों ने इस दौरान भारी मात्रा में रोलिंग पेपर जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई, जिसमें कोटपा एक्ट के उल्लंघन पर सख्त कदम उठाए गए।
नॉर्थ जोन पुलिस ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध नशे से जुड़ी सामग्री बेचने वाली 09 दुकानों को सील कर बंद कराया है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना और शहर में अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाना है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त सामग्री की सप्लाई से जुड़े स्रोतों की पहचान कर ली गई है। पूछताछ में थोक विक्रेताओं और सप्लायरों के नाम सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच जारी है। जल्द ही इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)