रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के WRS कॉलोनी स्थित दशहरा मैदान में विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दशहरा उत्सव में शामिल होकर 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान भव्य आतिशबाजी भी की गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रावण दहन से पहले मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विजयादशमी सत्य की विजय और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है।
WRS कॉलोनी में 101 फीट के रावण का दहन
रायपुर के WRS कॉलोनी स्थित दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। रावण दहन के साथ भव्य आतिशबाजी की गई, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।
CM साय बोले- क्रोध रूपी रावण को करना होगा समाप्त
रावण दहन से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व सत्य की विजय और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। इसी दिन भगवान श्रीराम ने अत्याचारी रावण का वध कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति के भीतर रावण रूपी क्रोध मौजूद है। इसे समाप्त करना जरूरी है। दशहरे का संदेश केवल रावण के पुतले का दहन करना नहीं, बल्कि अपने भीतर की बुराइयों को दूर करना भी है।
रामलला दर्शन योजना से 50 हजार से ज्यादा लोगों ने किए दर्शन
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ सरकार की रामलला दर्शन योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कराने के उद्देश्य से यह योजना संचालित की जा रही है।मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से ज्यादा लोग भगवान रामलला के दर्शन कर चुके हैं।