राज्यसभा की खाली हो रही 10 राज्यों की 37 सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने विभिन्न राज्यों के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को बिहार का केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है।
बिहार में पांच सीटों के लिए चुनाव
बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव होना है, जहां कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं। एनडीए की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, बीजेपी नेता नितिन नवीन, पूर्व विधायक शिवेश कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता उपेंद्र कुशवाहा ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल ने एडी सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
पांचवीं सीट पर मुकाबले की स्थिति
बिहार में पांचवीं सीट को लेकर राजनीतिक समीकरण पेचीदा हो गए हैं, जिसके चलते चुनाव की स्थिति बन गई है। इसे देखते हुए भाजपा ने विजय शर्मा के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को भी बिहार का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
हरियाणा और ओडिशा के लिए भी नियुक्ति
इसके अलावा पार्टी ने हरियाणा और ओडिशा के लिए भी केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। हरियाणा के लिए गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि ओडिशा के लिए महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को पर्यवेक्षक बनाया गया है।
Comments (0)