महाकाल मंदिर के पुजारियों ने फिल्म ओह माय गॉड-2 के फिल्म मेकर्स को लीगल नोटिस भेजा है। इसके साथ ही जनसुनवाई में कलेक्टर को शिकायत की है की उज्जैन में फिल्म का प्रदर्शन नहीं होने दिया जाए। दरअसल यहाँ अखिल भारतीय पुजारी महासंघ के बेनर पर शिकायत की गई है।
भगवान शिव का रूप गलत तरीके से दिखाया गया
महाकाल मंदिर के पुजारी महेश शर्मा का कहना है कि, फिल्म में भगवान शिव का रूप गलत तरीके से दिखाया गया है। उन्हें बाजार में दुकान से कचोरी खरीदते दिखाया गया है। यह भगवान शिव के श्रद्धालुओं को आहत करता है। OMG-2 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होना है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म को A सर्टिफिकेट दिया है। यानी इसे 18 साल से कम आयु के लोग नहीं देख पाएंगे।
फिल्म में अश्लील सीन
इस पर महाकाल मंदिर के पुजारियों का कहना है कि, ऐसा प्रतीत होता है कि इस फिल्म में अश्लील सीन हैं। महाकाल मंदिर के साथ इस तरह के दृश्य स्वीकार्य नहीं हैं। नोटिस फिल्म निर्देशक अमित राय, निर्माता विपुल शाह और चंद्रप्रकाश द्विवेदी, एक्टर अक्षय कुमार के अलावा सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून कुमार जोशी को भेजा गया है। अखिल भारतीय पुजारी महासंघ की ओर से हाईकोर्ट के वकील अभिलाष व्यास ने यह नोटिस भेजा है।
अपमानजनक दृश्यों को हटाया जाए
नोटिस में कहा गया है कि लेटर मिलने के 24 घंटे के अंदर अपमानजनक दृश्यों को हटाया जाए। सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। ऐसा न करने की पर फिल्म के सर्टिफिकेट को रद्द करने के लिए अपील की जाएगी। धार्मिक भावनाओं को आहत करने का केस दर्ज कराएंगे और उज्जैन में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक के लिए मांग करेंगे। पुजारी महेश शर्मा ने कहा, इस फिल्म में भगवान शिव के गलत चित्रण से उनके भक्तों की भावनाएं आहत होंगी।
Comments (0)