सतीश कौशिक के निधन के बाद बॉलीवुड से एक और बुरी खबर आ रही है। भारतीय फिल्म स्टार माधुरी दीक्षित (Madhuri Dixit) की मां स्नेहलता देशमुख का आज सुबह निधन हो गया है। मां के गुजर जाने के बाद माधुरी पूरी तरह टूट चुकी हैं।
91 साल की थीं Madhuri Dixit की मां
माधुरी दीक्षित (Madhuri Dixit) की मां का निधन आज यानी 12 मार्च 2023 की सुबह करीब 8.40 बजे हुआ था। एक्ट्रेस की मां की उम्र 91 साल थी। मुंबई के वर्ली में आज दोपहर करीब 3 या 4 बजे उनकी मां का अंतिम संस्कार होगा। माधुरी दीक्षित अपनी मां के बेहद करीब थीं। ऐसे में वह अपने मां के जाने से बहुत ज्यादा दुखी हैं।
पिछले साल जून में मनाया था आखिरी जन्मदिन
माधुरी दीक्षित (Madhuri Dixit) ने पिछले साल जून में अपनी मां का 90वां जन्मदिन मनाया था और अपनी मां को बर्थडे सेलिब्रेट करते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। अपनी मां के साथ यादों को शेयर करते हुए कैप्शन में एक्ट्रेस ने लिखा था, “हैप्पी बर्थडे आई! कहते हैं कि एक मां एक बेटी की सबसे अच्छी दोस्त होती है। वे वाकई सही कहते हैं। आपने मेरे लिए जो कुछ भी किया है, आपने जो सबक सिखाया है, वह आपके लिए मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार है। मैं आपके केवल अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की कामना करती हूं।”
माधुरी दीक्षित के लिए बेहद सपोर्टिव थी उनकी मां
माधुरी दीक्षित (Madhuri Dixit) के करियर के शुरुआती दिनों में उनकी मां ने उनका बहुत सपोर्ट किया था। फिल्म की शूटिंग हो या फिर कोई इवेंट हो, उनकी मां हमेशा माधुरी के साथ रहती थीं। एक्ट्रेस कई बार कह चुकी हैं कि स्टार होने के बावजूद एक आम जिंदगी जीने में उनकी मां का बहुत बड़ा हाथ है। उनकी मां ने हमेशा उन्हें जमीन से जुड़े रहना सिखाया है।
Comments (0)