अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सत्ता संभालने से पहले ही इजरायल और हमास के बीच सीजफायर करा दिया। अब ट्रंप ने राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है। डोनाल्ड ट्रंप ने सत्ता संभालते ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को एक तरह से चेतावनी दी है और कहा है कि यूक्रेन युद्ध में डील करने से मना करके रूस को 'तबाह' कर रहे हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि वह शीघ्र ही पुतिन से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि ट्रंप ने यह नहीं बताया कि वह रूसी राष्ट्रपति से कब मिलेंगे। उधर, पुतिन ने भी ट्रंप को राष्ट्रपति बनने की बधाई दी है और मिलने की इच्छा जताई है। इस बीच यूक्रेन और पुतिन के गुरु दोनों ने सुझाव दिया है कि भारत अमेरिका और रूसी राष्ट्रपति के बीच मुलाकात के लिए सबसे अच्छा स्थान हो सकता है।
ट्रंप ने अपने बयान में कहा, 'पुतिन को एक डील करनी चाहिए। मैं समझता हूं कि पुतिन एक डील नहीं करके रूस को तबाह कर रहे हैं। मैं समझता हूं कि रूस एक बड़े संकट में जा रहा है।' उन्होंने कहा, 'ज्यादातर लोग समझते थे कि यूक्रेन युद्ध एक सप्ताह में खत्म हो जाएगा। हालांकि ऐसा नहीं हुआ।' यह ट्रंप की ओर से पुतिन के यूक्रेन युद्ध की सबसे तीखी आलोचना है। रूस ने यूक्रेन युद्ध में कई सौ अरब डॉलर गंवा दिया है। यही नहीं ऐसा अनुमान है कि 7 लाख रूसी इस लड़ाई में मारे गए हैं। यही नहीं इस युद्ध की वजह से रूस को यूरोप के विशाल गैस बाजार से हाथ धोना पड़ा है।
Comments (0)