भारतवंशी तुलसी गबार्ड अमेरिका के सबसे अहम पदों में एक- राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के पद पर नियुक्ति के एक और कदम नजदीक पहुंच गई हैं। सीनेट की समिति में मतदान के बाद अब तुलसी गबार्ड के लिए अंतिम मतदान कराया जाएगा। दूसरी तरफ ट्रंप की कैबिनेट में डग कोलिन्स को शामिल किया गया है। कोलिन्स को वयोवृद्ध मामलों का सचिव बनाया गया है।
अमेरिकी संसद सदस्य रह चुकीं भारतवंशी तुलसी गबार्ड अब नेशनल इंटेलिजेंस निदेशक का पद संभालेंगी। सीनेट इंटेलिजेंस कमेटी में मतदान के बाद उनकी नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। द हिल की रिपोर्ट के अनुसार, गबार्ड की नियुक्ति के लिए पूर्ण सीनेट में मतदान होना बाकी है। सीनेट कमेटी में करीबी मुकाबले के दौरान तुलसी को 9-8 से जीत मिली। वोट डेमोक्रेट और रिपब्लिकन पार्टी लाइनों के अनुसार डाले गए।
इन दोनों सीनेटरों के वोट निर्णायक रहे
रिपब्लिकन नेता और सीनेट इंटेलिजेंस कमेटी के अध्यक्ष टॉम कॉटन ने बताया कि समिति ने नेशनल इंटेलिजेंस के निदेशक बनने के लिए वोट किया। उनके नाम की पुष्टि के बाद अमेरिका को सुरक्षित रखने के लिए हम उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। इंडियाना से निर्वाचित सीनेटर टॉड यंग ने एलान किया था कि वह गबार्ड का समर्थन करेंगे। इसे बेहद अहम स्विंग वोट माना गया। इनके अलावा सीनेटर सुसान कोलिन्स ने भी गबार्ड का समर्थन किया। इन दोनों सीनेटरों के वोट निर्णायक माने जा रहे थे।
Comments (0)