AIIMS भोपाल की नई डिजिटल सेवा के जरिए मरीजों को अस्पताल से जुड़ी कई जरूरी सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिए अस्पताल आने और लंबी कतारों में लगने की जरूरत कम होगी।
1. OPD अपॉइंटमेंट: मरीज घर बैठे बाह्य रोगी विभाग (OPD) के लिए रजिस्ट्रेशन और अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे।
2. लैब रिपोर्ट डाउनलोड: स्वास्थ्य जांच से जुड़ी लैब रिपोर्ट WhatsApp पर देखी और डाउनलोड की जा सकेगी।
3. डिस्चार्ज समरी: अस्पताल से छुट्टी के बाद डिस्चार्ज समरी भी WhatsApp के माध्यम से प्राप्त की जा सकेगी।
4. जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र: AIIMS द्वारा जारी किए जाने वाले जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र डिजिटल रूप से डाउनलोड किए जा सकेंगे।
5. अस्पताल की जानकारी: AIIMS में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी भी चैट के जरिए हासिल की जा सकेगी।
मरीजों को लंबी कतारों से मिलेगी राहत
यह डिजिटल पहल मरीजों के प्रतीक्षा समय को कम करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कई जरूरी सेवाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होने पर मरीजों और अटेंडर्स का समय बचेगा।AIIMS भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेन्द्र कोतवाल (रिटायर) के निर्देशन में यह सेवा शुरू की गई है। इसका उद्देश्य अस्पताल की सेवाओं को अधिक सरल, तेज, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है।
अस्पताल आने से पहले ही कई काम होंगे पूरे
नई WhatsApp सेवा के बाद मरीजों को OPD से जुड़ी प्रक्रिया और रिपोर्ट जैसी सुविधाओं के लिए बार-बार अस्पताल आने की जरूरत कम हो सकती है। डिजिटल माध्यम से सेवाएं मिलने से अस्पताल में भीड़ और प्रतीक्षा समय को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।