बैतूल। बैतूल जिले में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा मुलताई फोरलेन पर जीतू ढाबे के पास करीब सुबह 3:30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार सभी लोग श्रद्धालु थे और नागपुर के पास बुट्टी बोरी कोल माइंस क्षेत्र से सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।
सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी कार
पुलिस के अनुसार कार तेज रफ्तार में मुलताई फोरलेन से गुजर रही थी। जीतू ढाबे के पास सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
3 लोगों की मौत, 9 गंभीर घायल
हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं कार में सवार 9 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।पुलिस के मुताबिक अभी तक दो मृतकों की पहचान हो चुकी है। मृतकों में 40 वर्षीय छाया और 42 वर्षीय दीपक शामिल हैं, जो पति-पत्नी बताए जा रहे हैं।हादसे में जान गंवाने वाली तीसरी महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
नागपुर से कुबेरेश्वर धाम जा रहे थे सभी श्रद्धालु
कार में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के नागपुर के पास बुट्टी बोरी कोल माइंस एरिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी श्रद्धालु सीहोर के प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में दर्शन करने के लिए निकले थे।लेकिन रास्ते में बैतूल जिले के मुलताई के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
झपकी आने की आशंका, जांच के बाद साफ होगी वजह
पुलिस ने शुरुआती तौर पर आशंका जताई है कि लंबी यात्रा के दौरान कार चालक को झपकी आने के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया होगा। इसी वजह से कार ट्रक के पीछे जा घुसी हो सकती है।हालांकि पुलिस का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।