भोपाल: दीपावली के बाद शुरू हुए शादियों के सीजन में अब महंगाई ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी भोपाल में दालों और बेसन की कीमतों में तेजी से उछाल आया है। थोक और खुदरा बाजार में तुअर दाल 12 रुपए और चना दाल 5 रुपए प्रति किलो तक महंगी हो गई है। वहीं, बेसन के दामों में भी 10 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तुअर दाल की कीमत 150 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है।
शादी का सीजन शुरू होते ही बढ़े दालों के भाव
बाजार जानकारों के मुताबिक, दीपावली के बाद से ही दालों की कीमतों में तेजी बनी हुई है। अब शादियों और मांगलिक आयोजनों के चलते मांग बढ़ने से कीमतों में और उछाल आया है।भोपाल में रोजाना 800 टन से अधिक खाद्य सामग्री की खपत होती है। ऐसे में दालों और बेसन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं और कैटरिंग कारोबारियों पर पड़ रहा है।
तुअर दाल 150 रुपए किलो, बेसन भी हुआ महंगा
भोपाल के बाजार में सबसे ज्यादा तेजी तुअर दाल की कीमतों में देखने को मिली है। इसकी कीमत 138 रुपए से बढ़कर 150 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है।वहीं बेसन के दाम भी 95 रुपए से बढ़कर 105 रुपए प्रति किलो तक हो गए हैं। चना दाल, हरी मूंग और उड़द दाल की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
दालों और बेसन की नई रेट लिस्ट
खाद्य सामग्री
पुरानी कीमत
नई कीमत
तुअर दाल
₹80-138
₹90-150
बेसन
₹92-95
₹98-105
चना दाल
₹86-89
₹90-94
हरी मूंग
₹85-96
₹88-98
उड़द दाल
₹113-123
₹115-125
मूंग मोगर
₹103-108
₹105-110
सभी कीमतें प्रति किलो हैं। बाजार और गुणवत्ता के अनुसार भाव अलग-अलग हो सकते हैं।
आम आदमी की थाली पर बढ़ा महंगाई का बोझ
दालों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम परिवारों की रसोई का बजट बिगड़ रहा है। रोजाना इस्तेमाल होने वाली तुअर दाल और चना दाल महंगी होने से घरेलू खर्च बढ़ गया है।खासकर मध्यमवर्गीय परिवारों को अब दाल खरीदने के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं, बेसन महंगा होने से नमकीन, पकौड़े और अन्य खाद्य पदार्थों की लागत भी बढ़ रही है।
शादी वाले घरों का बजट भी बिगड़ा
शादियों के सीजन में दाल और बेसन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर शादी समारोहों के खाने-पीने के बजट पर भी पड़ रहा है।कैटरिंग कारोबारियों को अब खाद्य सामग्री खरीदने के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है। तुअर दाल के 150 रुपए और बेसन के 105 रुपए प्रति किलो तक पहुंचने से शादी के भोज, मिठाई और नमकीन तैयार करने की लागत बढ़ गई है।इसका असर शादी की तैयारियों में जुटे परिवारों के कुल बजट पर भी पड़ सकता है।