भोपाल में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से चल रहे इंटर्न डॉक्टरों के प्रदर्शन के बीच अब राहत की खबर सामने आ रही है। डॉक्टरों और सरकार के बीच बातचीत के बाद सहमति बनने की बात सामने आई है। माना जा रहा है कि इस पूरे मामले को लेकर सरकार की ओर से जल्द बड़ा ऐलान किया जा सकता है।
स्टाइपेंड बढ़ोतरी को लेकर दो दिन से चल रहा था प्रदर्शन
इंटर्न डॉक्टर लंबे समय से अपने मासिक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। मौजूदा समय में करीब 14,337 रुपये मासिक स्टाइपेंड मिलने का दावा करते हुए डॉक्टर इसे बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग कर रहे हैं। भोपाल में प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया था। इससे कमला पार्क समेत आसपास के इलाकों में यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस कार्रवाई के बाद और बढ़ गया था विवाद
स्टाइपेंड की मांग को लेकर सोमवार को प्रदर्शन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों पर पुलिस द्वारा वाटर कैनन के इस्तेमाल का मामला भी सामने आया था। इसके बाद प्रदर्शन और तेज हो गया। मामले को लेकर पुलिस ने जांच के आदेश भी दिए हैं। डॉक्टरों की ओर से स्टाइपेंड बढ़ाने के साथ पुलिस कार्रवाई को लेकर भी कार्रवाई की मांग की गई थी। वहीं सरकार की ओर से डॉक्टरों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत को सकारात्मक बताया गया था।
अब सरकार और डॉक्टरों के बीच बनी सहमति?
अब ताजा जानकारी में सरकार और प्रदर्शन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों के बीच सहमति बनने की खबर है। हालांकि, स्टाइपेंड की नई राशि और सरकार की ओर से किए गए फैसले की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ होगी। बताया जा रहा है कि इस संबंध में थोड़ी देर में बड़ा ऐलान किया जा सकता है। ऐसे में डॉक्टरों के साथ-साथ मेडिकल कॉलेजों और मरीजों की नजर भी सरकार की अगली घोषणा पर है।
अस्पताल की सेवाओं पर भी पड़ा था असर
प्रदर्शन के दौरान इंटर्न डॉक्टरों ने ओपीडी ड्यूटी का बहिष्कार किया था। जूनियर डॉक्टरों ने भी उनका समर्थन किया था। इससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की स्थिति बनी थी। अब यदि सरकार और डॉक्टरों के बीच बनी सहमति औपचारिक फैसले में बदलती है, तो दो दिनों से जारी आंदोलन खत्म होने की उम्मीद बढ़ सकती है।