भोपाल। भोपाल के लिंक रोड नंबर-2 स्थित नगर निगम मुख्यालय परिसर में शनिवार को सीनियर और जूनियर अधिकारियों के बीच जमकर विवाद हो गया। नरेला विधानसभा के स्वास्थ्य अधिकारी (HO) सुमंदर शर्मा और जोन-19 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी (AHO) बलवीर मलिक के बीच काम को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, अपर आयुक्त अंजू कुमार ने शनिवार को नगर निगम के दरोगाओं की बैठक ली थी। बैठक खत्म होने के बाद निगम मुख्यालय के बाहर दोनों अधिकारियों के बीच बहस शुरू हो गई। सुमंदर शर्मा वरिष्ठ अधिकारी हैं, जबकि बलवीर मलिक जूनियर अधिकारी के तौर पर पदस्थ हैं।
विवाद बढ़ा तो AHO ने जूता निकालने की कोशिश की
दोनों अधिकारियों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि AHO बलवीर मलिक ने जूता निकालने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद दूसरे AHO ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद मलिक अपनी सरकारी जीप के पास पहुंचे और उसमें रखा इस्तीफा निकालकर दिखाया। उन्होंने कहा कि वे अपना इस्तीफा हमेशा साथ रखते हैं। साथ ही उन्होंने कहा,“मैं गलत होने पर मंत्री की भी नहीं सुनता।”मलिक ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन जलील किया जा रहा है।
‘30 साल से नौकरी कर रहा हूं’
मीडिया से चर्चा में बलवीर मलिक ने आरोप लगाया कि बैठक के दौरान उनके साथ बदतमीजी की गई। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय में वह इस तरह की बातें करीब 10 बार सुन चुके हैं। मलिक ने बताया कि वे करीब 30 साल से नौकरी कर रहे हैं और पहले जोनल अधिकारी भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से विवाद के दौरान गुस्से में उन्होंने इस तरह की बात कही।
स्पॉट फाइन की बात पर भड़के AHO- HO
वहीं स्वास्थ्य अधिकारी सुमंदर शर्मा ने विवाद की वजह स्पॉट फाइन से जुड़ी चर्चा को बताया। उनके मुताबिक, अधिकारियों की बैठक में नरेला विधानसभा क्षेत्र में स्पॉट फाइन करने की बात कही गई थी। इसी दौरान बलवीर मलिक भड़क गए और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
साथियों ने कराया मामला शांत
विवाद के दौरान काफी देर तक नगर निगम मुख्यालय परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही। जूता निकालने की कोशिश के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों को समझाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। फिलहाल विवाद को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं।