भोपाल: राजधानी भोपाल में नगर निगम की दुकानों की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के बैनर तले शहरभर से बड़ी संख्या में व्यापारी न्यू मार्केट पहुंचे और मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। हालांकि, रोशनपुरा चौराहे से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।
थाली, शंख और डमरू बजाकर जताया विरोध
सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन करीब चार घंटे तक चला। व्यापारियों ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर नगर निगम की कार्रवाई का विरोध किया। पुलिस द्वारा सीएम हाउस जाने से रोकने के बाद व्यापारियों ने सड़क पर बैठकर थाली, शंख और डमरू बजाकर गांधीगिरी के तरीके से विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने 'तानाशाही बंद करो' जैसे नारे भी लगाए। कुछ व्यापारियों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
SDM को ज्ञापन देने से व्यापारियों ने किया इनकार
व्यापारियों को समझाने के लिए पुलिस ने SDM को ज्ञापन देने का प्रस्ताव रखा, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने इससे इनकार कर दिया। व्यापारियों की मांग थी कि वे अपना ज्ञापन सीधे मुख्यमंत्री को सौंपेंगे और सीएम से मुलाकात करेंगे। प्रदर्शन में महिला व्यापारियों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। काफी देर तक चले प्रदर्शन के कारण न्यू मार्केट जैसे व्यस्त इलाके में यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
करीब चार घंटे बाद SDM अर्चना शर्मा के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन समाप्त किया। इसके बाद भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल और व्यापारी संघर्ष समिति के अध्यक्ष आनंद सोनी ने प्रदर्शन में शामिल व्यापारियों का आभार जताया। हालांकि, कुछ व्यापारी प्रदर्शन खत्म करने के फैसले से असंतुष्ट नजर आए। उनका कहना था कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं चाहिए, बल्कि नगर निगम की दुकानों की सीलिंग कार्रवाई पर रोक लगनी चाहिए।