राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा निवासी सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ ‘बिट्टू तबाही’ ने अपनी मेहनत और जज्बे से ऐसा काम कर दिखाया है, जिसकी चर्चा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। अजनार नदी को अकेले साफ करने वाले बिट्टू को नीदरलैंड की पर्यावरण संस्था ‘द ओशन क्लीनअप’ (The Ocean Cleanup) की ओर से नौकरी का ऑफर मिला है। संस्था के फाउंडर और CEO बॉयेन स्लैट बिट्टू के नदी सफाई अभियान से प्रभावित हुए। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए बिट्टू को अपनी टीम के साथ काम करने का न्योता दिया। ‘द ओशन क्लीनअप’ दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में नदियों और समुद्रों से प्लास्टिक कचरा हटाने और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए काम करती है।
26 जनवरी को लिया था अजनार नदी साफ करने का संकल्प
बिट्टू ने इस साल 26 जनवरी को अजनार नदी को फिर से साफ और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया था। शुरुआत में उनके कुछ दोस्त भी इस अभियान में उनके साथ जुड़े थे, लेकिन नदी की सफाई के लिए लगातार समय और मेहनत की जरूरत थी। धीरे-धीरे दोस्त अभियान से अलग होते गए, लेकिन बिट्टू ने हार नहीं मानी। इसके बाद उन्होंने अकेले ही नदी की सफाई का जिम्मा उठा लिया। वह रोज सुबह नदी में उतरते और कई घंटे पानी में रहकर प्लास्टिक, कचरा और जमा मलबा बाहर निकालते थे।
तीन महीने की मेहनत ने बदल दी नदी की तस्वीर
अजनार नदी में लंबे समय से प्लास्टिक और दूसरे कचरे का ढेर जमा था। कभी स्थानीय लोगों के लिए पानी और सिंचाई का महत्वपूर्ण स्रोत रही यह नदी प्रदूषण के कारण बदहाल हो चुकी थी। बिट्टू ने करीब तीन महीने तक लगातार सफाई अभियान चलाया। उन्होंने नदी से बड़ी मात्रा में कचरा निकाला। मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपना अभियान जारी रखा। लगातार मेहनत के बाद नदी की तस्वीर काफी हद तक बदल गई और कई हिस्सों में साफ पानी दिखाई देने लगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
बिट्टू ने अपने सफाई अभियान के दौरान बनाए गए वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। उनके काम को लोगों ने खूब पसंद किया और देखते ही देखते उनकी मुहिम वायरल हो गई। स्थानीय स्तर से शुरू हुआ यह अभियान धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया। इसी दौरान The Ocean Cleanup के CEO बॉयेन स्लैट की नजर भी बिट्टू के काम पर पड़ी। उनके प्रयास से प्रभावित होकर संस्था की ओर से बिट्टू को टीम के साथ काम करने का ऑफर दिया गया।
केविन पीटरसन भी कर चुके हैं तारीफ
बिट्टू की पहल की तारीफ इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन भी कर चुके हैं। उन्होंने बिट्टू के प्रयास को एक मिसाल बताते हुए कहा कि बदलाव के लिए हमेशा दूसरों का इंतजार करने की जरूरत नहीं होती। एक व्यक्ति भी पहल करके बड़ा बदलाव शुरू कर सकता है। बिट्टू की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने किसी बड़े संगठन या सरकारी व्यवस्था का इंतजार नहीं किया, बल्कि खुद नदी में उतरकर सफाई शुरू की।
मुख्यमंत्री मोहन यादव भी कर चुके हैं मुलाकात
बिट्टू के प्रयास की मध्य प्रदेश में भी जमकर सराहना हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर उनसे मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने अजनार नदी की सफाई के उनके प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया था। बिट्टू की यह कहानी अब युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है। अजनार नदी से शुरू हुई उनकी मुहिम यह संदेश देती है कि बड़े बदलाव के लिए हमेशा बड़ी टीम या बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति और लगातार मेहनत भी बदलाव की शुरुआत कर सकती है।