ओरछा: श्रीराम राजा सरकार की पावन नगरी ओरछा में रविवार को भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक का आगाज हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया।
बैठक के पहले दिन संगठन, सरकार की उपलब्धियों, राजनीतिक एवं सामाजिक विषयों समेत वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया।
भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, विचार और सेवा की यात्रा: हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की विचारधारा महापुरुषों के त्याग, सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के संस्कारों से बनी है।उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र एकता के संकल्प और कुशाभाऊ ठाकरे की संगठन एवं कार्यकर्ता निर्माण की परंपरा का उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा है। संगठन की शक्ति कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं की शक्ति विचारधारा है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही अंत्योदय की वास्तविक भावना है।
सेवा संकल्प अभियान के जरिए जन-जन तक पहुंचेगा संदेश
हेमंत खण्डेलवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भी उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि जनधन योजना, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, पीएम सूर्यघर योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और फसल बीमा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने का प्रयास किया गया है।उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
2047 के लक्ष्य के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को बूथ स्तर तक और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि ओरछा की धरती से संगठन को और मजबूत करने तथा वर्ष 2047 के लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प लेकर कार्यकर्ताओं को जुटना होगा।
हर बूथ को मजबूत बनाना जरूरी: अजय जामवाल
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ से मजबूत संगठन बनता है। संगठन को घर-घर तक ले जाने और समाज के हर वर्ग को पार्टी से जोड़ने के लिए लगातार काम करना होगा।उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य सिर्फ चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण के जरिए निरंतर समाज के बीच सक्रिय रहना है।
शिवराज बोले- कर्तव्य को अपनी पहचान बनाएं कार्यकर्ता
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार केंद्र के विकास और जनकल्याण के संकल्पों को जमीन पर उतार रही है।उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए तीन गुना शक्ति से जुटने का आह्वान किया।शिवराज सिंह चौहान ने किसान कल्याण, कृषि योजनाओं और गरीबों के लिए पक्के मकान सहित सरकार की विभिन्न पहलों का भी उल्लेख किया।
भारत विश्व की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति बना: सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है।उन्होंने स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना, परिवहन और रक्षा क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया। सिंधिया ने कहा कि वंदे भारत ट्रेनों से लेकर डिजिटल लेनदेन और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता तक देश ने महत्वपूर्ण प्रगति की है।
‘समरसता संकल्प अभियान’ पर भी चर्चा
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ की जानकारी दी।उन्होंने कहा कि अभियान के तहत संत संपर्क, कलश वंदन, छात्रावास संपर्क और समरसता यात्राओं जैसे कार्यक्रमों के जरिए सामाजिक समरसता और समानता का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है।
जनजातीय समाज के विकास पर भाजपा का फोकस
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेन्द्र पटेल ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के विकास, अधिकारों और संस्कृति-परंपराओं के संरक्षण के लिए भाजपा ने लगातार काम किया है।उन्होंने जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके बीच जनसंवाद बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
विकसित भारत 2047 को राष्ट्रीय संकल्प बनाने की अपील
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने कहा कि विकसित भारत 2047 केवल भाजपा का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का राष्ट्रीय संकल्प होना चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और देश दुनिया के सामने सहायता एवं सहयोग देने वाले राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।
मध्यप्रदेश के विकास कार्यों का भी रखा गया ब्यौरा
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है। उन्होंने मध्यप्रदेश में निवेश, सिंचाई, पर्यटन, औद्योगिक विकास और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया।उन्होंने बताया कि केन-बेतवा परियोजना से बुंदेलखंड में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी। साथ ही प्रदेश में करीब 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिलने की बात कही।
किसान और महिला सशक्तिकरण पर भी जोर
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि किसानों की खुशहाली भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य, भावांतर योजना, स्वामित्व योजना और कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया।वहीं पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों का सम्मान
प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र में मध्यप्रदेश से जुड़े नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के बाद अतिथियों और प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों ने रामराजा सरकार के दर्शन किए।