भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उपचार के दौरान बच्ची की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवार को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। दरअसल, यह बच्ची छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एसएनसीयू के वॉर्मर में भर्ती थी। यहां स्पार्क के कारण आग लगी और तीन नवजात झुलस गए थे। इन बच्चों को इलाज के लिए जबलपुर लाया गया था। मृत बच्ची इन्हीं बच्चों में से एक थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतक बच्ची के परिजन को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उपचाररत दोनों बच्चों के संपूर्ण इलाज का खर्च शासन द्वारा वहन किया जाएगा।
वॉर्मर में स्पार्क के बाद लगी थी आग
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देश पर जिला प्रशासन छिंदवाड़ा के अधिकारी जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डीन के साथ लगातार संपर्क में हैं और दोनों बच्चों के उपचार की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। गौरतलब है कि 21 अगस्त की देर रात जिला अस्पताल के एसएनसीयू में वॉर्मर में स्पार्क होने के कारण आग लग गई थी। घटना के समय तीन बच्चे एक ही वॉर्मर पर रखे गए थे, जो आग की चपेट में आने से झुलस गए। एसएनसीयू स्टाफ ने तत्काल तीनों बच्चों को बाहर निकाला। इसके साथ ही यूनिट में मौजूद अन्य करीब 30 बच्चों को भी सुरक्षित रूप से दूसरी यूनिट में शिफ्ट कर दिया गया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने तत्काल संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही आरएमओ, चाइल्ड स्पेशलिस्ट, डीन, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक तत्काल एसएनसीयू पहुंचे। तीनों बच्चों को आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल, आई और ईएनटी विशेषज्ञों ने बच्चों की जांच एवं प्राथमिक उपचार किया। बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डीन से फोन पर समन्वय किया गया और बेहतर एवं सुपरस्पेशलिटी उपचार के लिए तीनों बच्चों को जबलपुर रेफर किया गया।