चित्रकूट। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब धर्मनगरी चित्रकूट में दिखाई देने लगा है। मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद इस मानसून में पांचवीं बार नदी उफान पर आ गई है। नदी के बढ़ते जलस्तर से तटीय इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
रामघाट समेत कई धार्मिक स्थल जलमग्न
मंदाकिनी के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण चित्रकूट के कई प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर पानी भर गया है। निचले इलाकों की सड़कों पर पानी इतना बढ़ गया है कि नाव चलने लगी हैं। सती अनसूया तीर्थ क्षेत्र में भी चारों तरफ जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर प्रसिद्ध गुप्त गोदावरी स्थल को श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। चित्रकूट के रामघाट के कई हिस्से भी पानी में डूब गए हैं। घाट के आसपास स्थित दुकानों और मंदिरों तक पानी पहुंच गया है।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
मंदाकिनी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। अधिकारियों की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से नदी के घाटों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। लोगों से सुरक्षा को प्राथमिकता देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।