भोपाल/उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 अगस्त को उज्जैन स्थित वाल्मीकि धाम आश्रम पहुंचे। उन्होंने भुजरिया पर्व के अवसर पर यहां विधि-विधान से छड़ी पूजन भी किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की और शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमारे लिए यह सौभाग्य की बात है कि आज भुजरिया पर्व के पावन अवसर पर उज्जैन स्थित बाबा महाकाल की नगरी से भगवान जाहरवीर गोगादेव जी महाराज के ध्वज-चिह्न की शोभायात्रा निकलेगी। उज्जैन की पावन धरती से पूरे देश में सामाजिक समरसता और एकता का संदेश जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हम अपने गौरवशाली अतीत और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को पुनः जीवंत कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है और इसके साथ ही आध्यात्मिक चेतना का भी विस्तार हो रहा है। भुजरिया पर्व हमारी लोक परंपराओं, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। मेरी ओर से समस्त प्रदेशवासियों को भुजरिया पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए, यही कामना है।