भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार की शाम श्रावण मास के पावन अवसर पर सपत्निक तीर्थनगरी ओंकारेश्वर पहुंचे। हेलीपैड पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हेलीपैड से खेड़ीघाट पहुंचकर यहां प्रसिद्ध त्रिपुरबाला सुंदरी मंदिर पहुंचकर सपत्निक माता राजराजेश्वरी के दर्शन एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उन्होंने श्रद्धानवत होकर माता राजराजेश्वरी से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन समिति एवं स्थानीयजनों ने आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुचारू दर्शन व्यवस्था तथा मंदिर परिसर की अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली।
संत मंगल दास त्यागी महाराज से लिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खेड़ीघाट से ओंकारेश्वर के प्रसिद्ध संत मंगल दास त्यागी महाराज के आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने सपत्निक मंगल दास त्यागी महाराज के दर्शन किए और उनका शुभाशीष प्राप्त किया।