धार: भोजशाला से जुड़े मामले को लेकर सकल हिंदू समाज के आह्वान पर मंगलवार को धार जिले में आधे दिन का बंद शुरू हो गया। धार शहर के साथ जिले के छोटे-बड़े कस्बों में भी बंद का असर देखने को मिल रहा है। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अधिकांश बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। बंद को लेकर हिंदू समाज के लोग सुबह से ही सक्रिय नजर आए। फिलहाल पूरे जिले में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।
बाजार और प्रतिष्ठान रहे बंद
सकल हिंदू समाज की ओर से दोपहर तक बाजार बंद रखने की अपील की गई है। इसके बाद समाजजन प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे। बंद के चलते धार शहर सहित जिले के कई इलाकों में सामान्य कारोबारी गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।
लालबाग में जुटेंगे समाजजन
बंद के तहत मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में समाजजन लालबाग परिसर में एकत्रित होंगे। यहां से सभी लोग सामूहिक रूप से प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के लिए रवाना होंगे। आयोजकों के मुताबिक ज्ञापन के दौरान भोजशाला से जुड़े मुद्दों को लेकर समाज की आपत्तियां और मांगें प्रशासन के सामने रखी जाएंगी।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में नहीं है बंद
सकल हिंदू समाज ने स्पष्ट किया है कि यह बंद सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के विरोध में नहीं किया जा रहा है। समाज की आपत्ति प्रशासन द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कथित रूप से पूरी तरह पालन नहीं किए जाने को लेकर है। समाज की ओर से विशेष रूप से खसरा नंबर 612 पर नमाज कराए जाने को लेकर आपत्ति जताई गई है। हिंदू पक्ष की सहमति नहीं लिए जाने का आरोप लगाते हुए इसी मुद्दे को लेकर आधे दिन के बंद का आह्वान किया गया है।
भोजशाला में हुआ सत्याग्रह
इधर, धार की ऐतिहासिक भोजशाला में भी निर्धारित कार्यक्रम के तहत सत्याग्रह किया गया। सत्याग्रह के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और नियमित रूप से तय कार्यक्रम का पालन किया गया।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
बंद और प्रस्तावित ज्ञापन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। धार जिला मुख्यालय के प्रमुख स्थानों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल जिले में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है और बंद शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। प्रशासन की ओर से भी लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।