जबलपुर/बालाघाट। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर ने लोक निर्माण विभाग, बालाघाट में पदस्थ कार्यपालन यंत्री कमल किशोर सिंगारे के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।EOW की टीम ने 3 सितंबर 2026 को आरोपी से जुड़े छिंदवाड़ा, बालाघाट और भोपाल स्थित आवासों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से संपत्ति, नकदी, आभूषण, वाहन और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी जुटाई गई है।
अब तक करीब 11 करोड़ की अनुपातहीन संपत्ति का पता
EOW के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपी कमल किशोर सिंगारे और उनके परिजनों के नाम पर करीब 11 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का पता चला है।जांच एजेंसी का कहना है कि तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, वाहन और अन्य संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज बरामद होने की जानकारी सामने आई है।हालांकि, तलाशी और दस्तावेजों की जांच अभी जारी है। ऐसे में जांच पूरी होने के बाद संपत्तियों का आंकड़ा बढ़ने की संभावना भी अधिकारियों ने जताई है।
छिंदवाड़ा के घर से मिली करोड़ों की संपत्ति
जांच के दौरान छिंदवाड़ा स्थित आवास से करीब 3 करोड़ रुपये कीमत की भूमि और मकान से संबंधित जानकारी सामने आई है।इसके अलावा यहां से करीब 7.50 लाख रुपये नकद, घरेलू सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी मिले हैं। तलाशी में करीब 52 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और लगभग 1.20 लाख रुपये के चांदी के आभूषण मिलने की जानकारी दी गई है।इसके साथ ही एक फॉर्च्यूनर वाहन समेत अन्य संपत्तियों का भी उल्लेख जांच में सामने आया है।
फार्म हाउस और अन्य ठिकानों की भी जांच
EOW की कार्रवाई केवल छिंदवाड़ा स्थित आवास तक सीमित नहीं रही। जांच टीम ने छिंदवाड़ा स्थित फार्म हाउस, बालाघाट स्थित आवास और भोपाल स्थित आवास की भी तलाशी ली।इन ठिकानों से संपत्ति और उससे संबंधित दस्तावेजों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच एजेंसी सभी दस्तावेजों और संपत्तियों का मिलान आरोपी की आय और ज्ञात स्रोतों से करने में जुटी है।
12 बैंक खातों की जानकारी जुटाई
जांच के दौरान EOW ने आरोपी और उनके परिजनों के नाम से संचालित 12 बैंक खातों की जानकारी भी जुटाई है।अब इन बैंक खातों में हुए लेन-देन और अन्य वित्तीय जानकारी की जांच की जा रही है। इसके साथ ही अलग-अलग संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों का परीक्षण भी जारी है।
तलाशी पूरी होने के बाद बढ़ सकता है आंकड़ा
अधिकारियों के मुताबिक, अभी कार्रवाई और जांच पूरी नहीं हुई है। अन्य संपत्तियों, बैंक खातों और बरामद दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है।EOW का कहना है कि तलाशी और जांच पूरी होने के बाद आरोपी के पास मौजूद अनुपातहीन संपत्ति का वास्तविक आंकड़ा सामने आएगा। फिलहाल जांच में करीब 11 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का पता चलने की जानकारी दी गई है।