गुजरात: गुजरात में सामने आए जहरीली शराब कांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुजरात पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी रईस को मध्य प्रदेश के भोपाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की ससुराल भोपाल के करोंद इलाके में है, जहां से उसे पकड़ा गया। जांच में सामने आया है कि रईस पिछले करीब दो महीने से गुजरात में जहरीली शराब की सप्लाई कर रहा था। इस घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है।
भोपाल के करोंद से हुई गिरफ्तारी
पुलिस को आरोपी रईस के भोपाल में होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद गुजरात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसकी ससुराल करोंद इलाके में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर जहरीली शराब के नेटवर्क और सप्लाई चैन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
जहरीली शराब का मुरैना कनेक्शन
जांच के दौरान इस मामले के तार मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से भी जुड़े पाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, जहरीली शराब तैयार करने का काम मुरैना निवासी नरेंद्र यादव उर्फ डॉक्टर ने किया था। बताया जा रहा है कि नरेंद्र यादव, रईस और गुजरात के स्थानीय शराब तस्कर गौतम सोलंकी मिलकर इस नेटवर्क को चला रहे थे। हालांकि, जहरीली शराब बनाने वाला नरेंद्र यादव खुद भी इसका शिकार हो गया। शराब पीने के बाद उसकी मौत हो चुकी है।
अब तक 21 आरोपी नामजद, 13 गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में अब तक 21 आरोपियों को नामजद किया है। इनमें से 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क के आर्थिक और सप्लाई कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
मुरैना में पहले भी हो चुका है जहरीली शराब कांड
जहरीली शराब मामले में मुरैना का नाम पहले भी सामने आ चुका है। करीब 5 साल पहले मुरैना में हुए जहरीली शराब हादसे में 24 लोगों की मौत हुई थी। अब गुजरात के मामले में मुरैना कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस की जांच और कार्रवाई तेज हो गई है। अधिकारियों का फोकस जहरीली शराब की सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर है।