ग्वालियर - सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा व्यूज हासिल करने के चक्कर में एक युवक ने अपनी कार को ही ‘किसिंग कार’ बना दिया। युवक की गर्लफ्रेंड ने करीब साढ़े तीन घंटे में कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से हजारों किस के निशान बनाए। इसके बाद इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया।वीडियो वायरल होते ही इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और महज एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज आने का दावा किया गया।
कार की बॉडी पर बनाए 3400 किस के निशान
वायरल वीडियो में कार की बॉडी पर बड़ी संख्या में लिपस्टिक के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। वीडियो में कार सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती हुई भी नजर आई। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से फैलने के बाद मामला यातायात पुलिस की नजर में आया।
पुलिस ने कार को खोजकर पकड़ा
वीडियो के आधार पर यातायात पुलिस ने कार की पहचान की और उसे थाटीपुर इलाके से बरामद कर लिया। इसके बाद कार मालिक को थाने बुलाकर पूरे मामले को लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। पुलिस के निर्देश पर उसने खुद कार की बॉडी पर लगे लिपस्टिक के निशान साफ किए।
मोटर वाहन अधिनियम के तहत 5,500 रुपये का जुर्माना
पुलिस ने मामले में युवक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किए गए इस स्टंट के बाद युवक को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया पर व्यूज और वायरल होने की चाह में सड़क पर किसी भी तरह का स्टंट या नियमों का उल्लंघन करना भारी पड़ सकता है।
