इंदौर, 3 सितंबर 2026 | इंदौर के क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज का तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर 2026 को होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) ने मुकाबले के लिए टिकटों की कीमत भी घोषित कर दी है। सबसे सस्ता टिकट ₹1,000 और सबसे महंगा टिकट ₹12,500 रखा गया है। टिकट केवल ऑनलाइन बेचे जाएंगे। MPCA ने District by Zomato को मैच का आधिकारिक ऑनलाइन टिकटिंग पार्टनर बनाया है। एक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट खरीद सकेगा।
11 अक्टूबर को होलकर में भिड़ेंगे India-West Indies
BCCI के आधिकारिक शेड्यूल के मुताबिक वेस्टइंडीज का भारत दौरा 27 सितंबर से शुरू होगा। तीन वनडे मैचों के बाद पांच मैचों की T20 सीरीज खेली जाएगी। T20 सीरीज का पहला मैच 6 अक्टूबर को लखनऊ, दूसरा 9 अक्टूबर को रांची और तीसरा मैच 11 अक्टूबर को इंदौर में होगा। इसके बाद चौथा मुकाबला 14 अक्टूबर को हैदराबाद और पांचवां 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में खेला जाएगा।
Holkar Stadium में पांचवां T20 International
MPCA के मुताबिक यह उसके द्वारा आयोजित किया जाने वाला छठा T20 International होगा, जबकि इंदौर के होलकर स्टेडियम में यह पांचवां T20I मुकाबला होगा। इंदौर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को लेकर हमेशा से जबरदस्त क्रेज रहता है। ऐसे में भारत-वेस्टइंडीज मैच के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू होते ही भारी मांग रहने की उम्मीद है।
सबसे सस्ता टिकट ₹1000
MPCA ने अलग-अलग Pavilion और Gallery के लिए टिकट दरें जारी कर दी हैं।
- East Gallery Ground Floor: ₹1,000
- West Gallery Ground Floor: ₹1,100
- East Gallery Second Floor: ₹1,250
- West Gallery Second Floor: ₹1,350
- East Gallery First Floor Regular: ₹1,400
- West Gallery First Floor Regular: ₹1,500
- East Gallery First Floor Premium: ₹1,700
- West Gallery First Floor Premium: ₹1,800
- South Pavilion Third Floor: ₹5,500
- South Pavilion Lower: ₹6,500
- South Pavilion Second Floor: ₹7,500
- South Pavilion First Floor: ₹8,500
- South Pavilion First Floor – Food Box Hospitality: ₹11,000
- South Pavilion Lower – Live Hospitality: ₹12,500
इन कीमतों में admission fee, MP Entertainment & Amusement Tax और GST शामिल हैं। हालांकि payment gateway, convenience fee और courier charges अलग से लग सकते हैं।
एक व्यक्ति को अधिकतम 4 टिकट
MPCA ने टिकट खरीदने की सीमा भी तय कर दी है। एक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट खरीद सकेगा। ये चार टिकट एक ही कैटेगरी के होना जरूरी नहीं हैं। फैन अपनी जरूरत के मुताबिक अलग-अलग कैटेगरी के टिकट भी चुन सकता है।
कहां से खरीद सकेंगे टिकट?
टिकट केवल ऑनलाइन मिलेंगे। MPCA ने साफ किया है कि अधिकृत टिकटिंग प्लेटफॉर्म District by Zomato रहेगा। दर्शक District मोबाइल ऐप या उसकी आधिकारिक वेबसाइट के जरिए टिकट खरीद सकेंगे। District की आधिकारिक वेबसाइट लेकिन एक अहम बात यह है कि ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होने की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। MPCA अगले मीडिया रिलीज में इसकी जानकारी देगा।
Students और दिव्यांगों के लिए अलग टिकट
स्टूडेंट और दिव्यांग दर्शकों के लिए रियायती टिकट भी रखे जाएंगे। हालांकि इनकी कीमत और टिकट वितरण की प्रक्रिया अभी घोषित नहीं की गई है। MPCA ने कहा है कि Student Concession Section और Specially Abled Section की टिकट दरें बाद में अलग से जारी की जाएंगी।
Fake Ticket Link से सावधान
मैच को लेकर फैंस के उत्साह के बीच इंदौर क्राइम ब्रांच ने साइबर ठगी से बचने की सलाह भी दी है। एडिशनल DCP क्राइम राजेश दंडोतिया ने लोगों से सोशल मीडिया, WhatsApp या दूसरे माध्यमों से भेजे जा रहे अनधिकृत टिकट लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक साइबर ठग टिकट बिक्री शुरू होने से पहले ही फर्जी लिंक और झूठे ऑफर के जरिए लोगों से पैसे ठगने की कोशिश कर सकते हैं।
अभी टिकट बेचने का दावा करे कोई तो रहें सतर्क
चूंकि MPCA ने अभी तक टिकट बिक्री शुरू होने की तारीख घोषित नहीं की है, इसलिए फिलहाल कोई व्यक्ति या वेबसाइट “टिकट उपलब्ध” होने का दावा करती है तो भुगतान करने से पहले उसे जरूर verify करें। MPCA के अनुसार टिकट केवल District by Zomato के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे। क्राइम ब्रांच ने भी लोगों से अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन पैसे भेजने और संदिग्ध लिंक खोलने से बचने को कहा है।
MPCA के Official Update पर रखें नजर
टिकट बिक्री की तारीख, छात्रों और दिव्यांगों की रियायती दर तथा दूसरी जरूरी जानकारी MPCA अगले मीडिया रिलीज में जारी करेगा। क्रिकेट फैंस को सलाह है कि MPCA की आधिकारिक सूचना आने का इंतजार करें और टिकट खरीदते समय केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें।