भोपाल: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पुलों और अन्य निर्माण कार्यों में घटिया सरिया लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, बल्कि लोगों की जान भी खतरे में पड़ रही है।
निर्माण कार्यों में घटिया सरिया लगाने का आरोप
कमलनाथ ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश को पहले ही भ्रष्टाचार में अव्वल बना रखा है, लेकिन अब भ्रष्टाचार सिर्फ पैसों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों की जिंदगी के लिए खतरा बनता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में चल रहे पुलों और अन्य निर्माण कार्यों में घटिया सरिया इस्तेमाल किया जा रहा है। उनके मुताबिक, कमजोर निर्माण सामग्री के कारण अब तक कई पुल गिर चुके हैं और इसके बावजूद ऐसे निर्माण जारी हैं।
सिंहस्थ 2028 के निर्माण कार्यों पर भी उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ के आयोजनों के लिए किए जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर भी चिंता जताई है।उन्होंने आरोप लगाया कि सिंहस्थ के लिए बनाए जा रहे निर्माण कार्यों में भी घटिया सरिया लगाया जा रहा है। कमलनाथ ने कहा कि इससे लाखों श्रद्धालुओं की जान जोखिम में पड़ सकती है।
भाजपा सरकार की नीति पर साधा निशाना
कमलनाथ ने आरोप लगाया कि इतने बड़े पैमाने पर घटिया निर्माण सत्ता के संरक्षण के बिना संभव नहीं है। उन्होंने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए 'पैसा दो, काम लो' की नीति को प्रदेश की जनता के लिए जानलेवा बताया।
घटिया सामग्री पर रोक और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
कमलनाथ ने अपनी पोस्ट के जरिए प्रदेश सरकार से मांग की है कि निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री के इस्तेमाल पर तत्काल रोक लगाई जाए।उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की है।