रायसेन। राष्ट्रीय खेल दिवस से पहले 27 अगस्त 2026 को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर की विभिन्न यूनिवर्सिटीज से जुड़े 1,500 से अधिक युवाओं, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों से ऑनलाइन संवाद करेंगे। मध्य प्रदेश के रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (RNTU) को भी इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की मेजबानी का अवसर मिला है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें आरएनटीयू की प्रो. चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, मेरा युवा भारत, रायसेन की डिप्टी डायरेक्टर मोनिका चौधरी और विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी मौजूद रहीं।
युवाओं को खेलों से जोड़ना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य
‘खेलो इंडिया संवाद’ का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, खेल क्षेत्र में हो रहे बदलाव और विकास से अवगत कराना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युवाओं, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद होगा। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस संदेश के प्रमुख अंशों का प्रसारण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
‘नई संभावनाओं के प्रति प्रेरित करेगा संवाद’
आरएनटीयू की प्रो. चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युवाओं, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के साथ संवाद उन्हें खेल के क्षेत्र में मौजूद नई संभावनाओं और अवसरों के प्रति प्रेरित करेगा। उन्होंने आरएनटीयू के लिए इस आयोजन की मेजबानी को गौरव का अवसर बताते हुए युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।
रायसेन में भी होगा जिला स्तरीय आयोजन
मेरा युवा भारत, रायसेन की डिप्टी डायरेक्टर मोनिका चौधरी ने बताया कि इसी क्रम में रायसेन जिले में भी जिला स्तरीय ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के युवा, विद्यार्थी, खिलाड़ी, युवा स्वयंसेवक, खेल प्रेमी और जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद युवाओं के साथ प्रत्यक्ष परिचर्चा और संवाद किया जाएगा। इसमें खेल और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर युवाओं के विचार और सुझाव लिए जाएंगे।
विद्यार्थियों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील
विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि आरएनटीयू में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों और युवा प्रतिभाओं को प्रधानमंत्री के विचारों से सीधे जुड़ने तथा खेल और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर संवाद करने का अवसर देगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और युवाओं से उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मेरा युवा भारत, रायसेन और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और विभागों के साथ समन्वय कर तैयारियां की जा रही हैं।