भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज जबलपुर प्रवास के दौरान अनोखा अंदाज देखने मिला। मंडला में तेंदुपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कार से डुमना विमानतल आ रहे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बरेला में शारदा माता मंदिर के सामने सड़क किनारे लगी चाय की दुकान अग्रवाल होटल पर रुके और यहां बैठकर चाय पी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चाय दुकान के संचालक से बात की। उन्होंने चाय के पैसे भी खुद चुकाये।
लोगों को देखकर मुख्यमंत्री ने रोका काफिला
मंडला से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सड़क मार्ग से जबलपुर आने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय जन उनके स्वागत के लिए बरेला में शारदा माता मंदिर मंदिर के सामने एकत्र हो गए थे। मुख्यमंत्री ने लोगों को देख अपना काफिला रोका और चाय की दुकान पहुँच गये।
बच्चों को मुफ्त कोचिंग देने वाले युवा का किया सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का काफिला बरेला में सन राइज फेमिली ढाबे पर भी रुका। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सास-बहु द्वारा संचालित इस ढाबे पर भी चाय पी। उन्होंने ढाबा संचालक आरती दुबे और उनकी बहु सुरभि दुबे से परिवार के सदस्यों के हालचाल जाने। डॉ. मोहन यादव ने यहां बरेला के बच्चों को निशुल्क कोचिंग दे रहे युवा मयंक साहू का शाल ओढ़ाकर सम्मान भी किया उसके इस नेक कार्य की तारीफ की।