मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। बैठक में मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं को लेकर चर्चा हुई।मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को प्रदेश में निवेश के लिए उपलब्ध व्यापक संभावनाओं, बेहतर अधोसंरचना और उद्योगों के अनुकूल वातावरण की जानकारी दी।
नए निवेश और रोजगार बढ़ाने पर चर्चा
मुलाकात के दौरान मध्यप्रदेश में नए निवेश को प्रोत्साहित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में उद्योगों के विस्तार और निवेश को गति देने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
निर्यात को बढ़ावा देने पर जोर
बैठक में मध्यप्रदेश के औद्योगिक विस्तार के साथ निर्यात को बढ़ावा देने और प्रदेश की आर्थिक क्षमता को नई ऊंचाई देने की दिशा में मिलकर काम करने पर जोर दिया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से मध्यप्रदेश में निवेश और उद्योगों के लिए अधिक अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से भी मिले CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से भी मुलाकात की।इस दौरान मध्यप्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रीय मंत्री के साथ चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जल संरक्षण और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग से जुड़े विषयों को प्रमुखता से रखा।
जल परियोजनाओं और सिंचाई सुविधाओं पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में संचालित विभिन्न जल परियोजनाओं की प्रगति, जल प्रबंधन और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से संबंधित विषयों पर चर्चा की।इसके साथ ही जनहित से जुड़े जल संसाधन संबंधी मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच विचार-विमर्श हुआ।
केंद्र के सहयोग के लिए जताया आभार
सीआर पाटिल से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में जल संसाधनों के विकास और संरक्षण को नई गति मिल रही है।