मध्यप्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। MP Board की 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 1 लाख 22 हजार छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।हर पात्र विद्यार्थी के बैंक खाते में ₹25,000 की राशि ट्रांसफर की जाएगी। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है, ताकि वे अपनी आगे की पढ़ाई में लैपटॉप का उपयोग कर सकें।
CM डॉ.मोहन यादव सिंगल क्लिक से करेंगे राशि ट्रांसफर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह राशि प्रदान करेंगे।इस दौरान मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से ₹304 करोड़ 98 लाख 50 हजार से अधिक की राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में अंतरित करेंगे।
'प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना' के तहत मिलेगा लाभ
विद्यार्थियों को यह आर्थिक सहायता मध्य प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग की 'प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना' के तहत दी जा रही है।इस योजना का उद्देश्य पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें आधुनिक डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है।
12वीं में 75% या उससे ज्यादा अंक जरूरी
योजना के तहत माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) की कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले पात्र विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।पात्र मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप खरीदने के लिए ₹25 हजार की आर्थिक सहायता दी जाती है।
डिजिटल शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
लैपटॉप की राशि मिलने से प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए डिजिटल संसाधन उपलब्ध होंगे। ऑनलाइन स्टडी मटेरियल, शैक्षणिक पाठ्यक्रम और अन्य डिजिटल माध्यमों तक पहुंच बनाने में विद्यार्थियों को मदद मिल सकती है।सरकार की इस पहल का फोकस प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनकी पढ़ाई में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर है।
1.22 लाख छात्रों के खातों में पहुंचेगी राशि
राज्यस्तरीय कार्यक्रम के जरिए करीब 1.22 लाख विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। ₹25 हजार प्रति विद्यार्थी की सहायता राशि के साथ सरकार की ओर से कुल ₹304.98 करोड़ से अधिक का भुगतान किया जाएगा।मेधावी विद्यार्थियों के लिए यह राशि लैपटॉप खरीदने में आर्थिक मदद करेगी और उन्हें उच्च शिक्षा की तैयारी के दौरान डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल करने का अवसर मिलेगा।