भोपाल/ओरछा: भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 30 और 31 अगस्त 2026 को निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा में आयोजित होगी। रामराजा सरकार की पावन नगरी में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने के साथ आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना पर व्यापक चर्चा की जाएगी। संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, प्रशिक्षण, आगामी कार्यक्रम, राजनीतिक रणनीति और विकसित भारत 2047 जैसे विषय बैठक के केंद्र में रहेंगे।
ओरछा में जुटेगा भाजपा का प्रदेश नेतृत्व
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आयोजन होटल राजमहल/राज विलास, ओरछा में किया जाएगा। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।इसके अलावा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र कुमार, दुर्गादास उईके और सावित्री ठाकुर समेत पार्टी के अन्य राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के नेता भी बैठक में शामिल होंगे।प्रदेश सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी और मोर्चा अध्यक्षों की भी बैठक में मौजूदगी रहेगी।
पहले दिन संगठन और राजनीतिक प्रस्ताव पर होगी चर्चा
30 अगस्त को कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक अल्पाहार और रजिस्ट्रेशन के साथ होगी। इसके बाद सुबह 10:30 बजे ध्वजारोहण, 10:45 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन और 11 बजे प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया जाएगा।इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक उद्घाटन सत्र आयोजित होगा। दोपहर के सत्र में राजनीतिक प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद संगठनात्मक विषयों पर मंथन होगा।
बैठक में ‘समरसता का संकल्प’ और ‘विकसित भारत 2047’ जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। शाम को भोजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद रात में श्री राम राजा मंदिर, ओरछा के दर्शन का कार्यक्रम निर्धारित है।
बूथ सशक्तिकरण और संगठन विस्तार पर फोकस
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की रणनीति तैयार की जाएगी। पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर चर्चा होगी।इसके साथ ही आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा।
31 अगस्त को ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यशाला
बैठक के दूसरे दिन 31 अगस्त को सुबह 9:45 बजे ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यशाला आयोजित होगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक समापन सत्र होगा।दूसरे दिन केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प पर जोर
प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक भाजपा के आगामी संगठनात्मक दिशा और कार्ययोजना के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी। बैठक के जरिए सेवा, सुशासन, संगठन विस्तार और विकसित भारत के संकल्प को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।पार्टी नेतृत्व संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और गतिविधियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी तय करेगा।