भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज दोपहर 12:15 बजे मंत्रालय में मध्य प्रदेश कैबिनेट की अहम बैठक होगी। बैठक में प्रदेश के विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के साथ उन्हें मंजूरी मिलने की संभावना है। कैबिनेट बैठक में भोपाल वेस्टर्न बायपास की पुनरीक्षित लागत से जुड़े प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। इस परियोजना के पूरा होने से राजधानी में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने और शहर के आसपास कनेक्टिविटी बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ए. साईं मनोहर की नियुक्ति पर भी फैसला संभव
बैठक में सेवानिवृत्त IPS अधिकारी ए. साईं मनोहर को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त करने से संबंधित प्रस्ताव पर भी अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। इसके अलावा मालथोन-बीना मार्ग के चौड़ीकरण और विकास समेत कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
CM मोहन यादव का आज व्यस्त कार्यक्रम
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज भोपाल से लेकर दिल्ली तक व्यस्त कार्यक्रम रहेगा।
- 10:40 बजे: कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे।
- 11:40 बजे: प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि का अंतरण करेंगे।
- 11:55 बजे: मंत्रालय पहुंचेंगे।
- 12:15 बजे: राज्य कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
- 2:50 बजे: नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
कैबिनेट बैठक में होने वाले फैसलों पर प्रदेश की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक नियुक्तियों को लेकर नजर रहेगी।