भोपाल। मध्यप्रदेश में पहली बार बैरियर-लेस टोलिंग सिस्टम की शुरुआत हुई है। भोपाल-देवास रोड स्थित फंदा टोल प्लाजा पर एक लेन में यह व्यवस्था एक्टिव कर दी गई है। अब वाहन चालक बिना रुके टोल पार कर सकेंगे और चलते वाहन का टोल टैक्स अपने आप कट जाएगा। इस सिस्टम के तहत वाहनों को टोल बूथ पर रुकने या बैरियर खुलने का इंतजार नहीं करना होगा। दावा है कि वाहन करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी टोल लेन से गुजर सकेंगे। इससे टोल प्लाजा पर लगने वाला समय कम होगा और वाहनों की कतार से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
कैसे काम करेगा बैरियर-लेस सिस्टम
फंदा टोल प्लाजा की एक लेन में लगाए गए तकनीकी सिस्टम के जरिए वाहन की पहचान की जाएगी और उससे जुड़े टोल भुगतान की प्रक्रिया अपने आप पूरी होगी। यानी वाहन को टोल बूथ पर रोकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कर्मचारियों की जरूरत भी होगी कम
नई व्यवस्था में टोल कलेक्शन की प्रक्रिया काफी हद तक ऑटोमेटेड होगी। इससे टोल प्लाजा पर कर्मचारियों की आवश्यकता कम होने के साथ-साथ मैनुअल टोल कलेक्शन से जुड़ी दिक्कतें भी कम होने की उम्मीद है। फिलहाल फंदा टोल प्लाजा पर एक लेन में इस सिस्टम को शुरू किया गया है। इसके सफल संचालन के बाद इसे अन्य टोल प्लाजा पर भी लागू किए जाने की संभावना है।