भोपाल: मध्य प्रदेश में बॉन्ड के तहत सरकारी सेवा करने वाले MBBS डॉक्टरों की पोस्टिंग प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब ऐसे डॉक्टरों के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग के दौरान 100 स्थानों की पसंद भरना अनिवार्य होगा। यदि कोई डॉक्टर निर्धारित समय में अपनी च्वाइस नहीं भरता है तो विभाग उपलब्ध पदों और अपनी आवश्यकता के आधार पर उसकी पोस्टिंग स्वयं तय करेगा। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने पोस्टिंग प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने यह भी साफ किया है कि केवल पसंद भरने से किसी स्थान पर पोस्टिंग की गारंटी नहीं होगी।
100 जगहों की च्वाइस भरना जरूरी
मेडिकल कॉलेजों से MBBS की पढ़ाई पूरी करने वाले बॉन्ड डॉक्टरों की सरकारी पदस्थापना के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग आयोजित की जा रही है। डॉक्टरों को पोर्टल पर 100 स्थानों की पसंद दर्ज करनी होगी। हालांकि, पसंद के आधार पर पोस्टिंग तभी संभव होगी जब संबंधित स्थान पर पद उपलब्ध हो और वहां विभागीय आवश्यकता हो।
च्वाइस नहीं भरी तो सरकार करेगी पोस्टिंग
यदि कोई डॉक्टर तय समय सीमा के भीतर अपनी पसंद दर्ज नहीं करता है तो विभाग उसे अपनी आवश्यकता और उपलब्धता के अनुसार किसी भी स्थान पर पदस्थ कर सकता है। इसलिए विभाग ने पात्र डॉक्टरों को निर्धारित समय में ऑनलाइन च्वाइस भरने की सलाह दी है।
एक बार पोस्टिंग के बाद नहीं मिलेगा बदलाव का मौका
विभाग के निर्देश के अनुसार पोस्टिंग आदेश जारी होने के बाद ट्रांसफर या पोस्टिंग में बदलाव के लिए आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। अगर कोई डॉक्टर निर्धारित समय में अपनी पदस्थापना वाली जगह पर ज्वाइन नहीं करता है तो उसे दोबारा पोस्टिंग का मौका नहीं मिलेगा। ऐसे डॉक्टरों को बॉन्ड से मुक्त होने के लिए बॉन्ड की पूरी राशि जमा करनी होगी।
21 से 31 अगस्त तक भर सकेंगे पसंद
जिन MBBS बॉन्ड डॉक्टरों के नियुक्ति आदेश अभी तक जारी नहीं हुए हैं, उनके लिए ऑनलाइन काउंसलिंग का शेड्यूल जारी किया गया है। डॉक्टर 21 अगस्त शाम 6 बजे से 31 अगस्त रात 12 बजे तक पोर्टल पर लॉगिन करके अपनी पसंद भर सकेंगे।
मोबाइल पर भेजी जा रही लॉगिन ID और पासवर्ड
विभाग की ओर से सभी पात्र डॉक्टरों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर लॉगिन आईडी और पासवर्ड भेजे जा रहे हैं। पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद डॉक्टर अपना नाम, मोबाइल नंबर और प्रोविजनल मेरिट क्रमांक देख सकेंगे। अगर किसी डॉक्टर को अपनी जानकारी में कोई गलती नजर आती है तो वह उसे रिमार्क कॉलम में दर्ज कर सकता है। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के डीन के माध्यम से संबंधित जानकारी में सुधार कराया जा सकेगा।
डॉक्टरों के लिए जरूरी बातें
- 100 स्थानों की च्वाइस भरना अनिवार्य।
- च्वाइस भरने से पोस्टिंग की गारंटी नहीं होगी।
- पोस्टिंग पद की उपलब्धता और सरकारी जरूरत के आधार पर होगी।
- च्वाइस नहीं भरने पर विभाग स्वयं पोस्टिंग करेगा।
- पोस्टिंग आदेश के बाद बदलाव या ट्रांसफर का आवेदन स्वीकार नहीं होगा।
- समय पर ज्वाइन नहीं करने पर दोबारा मौका नहीं मिलेगा।
- बॉन्ड से मुक्त होने के लिए नियमों के अनुसार पूरी बॉन्ड राशि जमा करनी पड़ सकती है।
- च्वाइस भरने की अवधि 21 अगस्त शाम 6 बजे से 31 अगस्त रात 12 बजे तक है।