भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस में भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। पुलिस मुख्यालय ने आरक्षक (GD), ड्राइवर, उप निरीक्षक और सूबेदार के कुल 9,662 पदों पर भर्ती के लिए कर्मचारी चयन मंडल (ESB) को प्रस्ताव भेज दिया है। भर्ती का विज्ञापन सितंबर 2026 में जारी होने की तैयारी है।
पुलिस मुख्यालय के मुताबिक पिछली भर्ती की तर्ज पर इस बार भी प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने की तैयारी है। लक्ष्य है कि करीब छह महीने में भर्ती प्रक्रिया पूरी कर अगले वर्ष मार्च तक चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति कर दी जाए।
सितंबर में जारी होगा भर्ती का विज्ञापन
मध्यप्रदेश पुलिस में 9,662 पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव ESB को भेजा जा चुका है। अब भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।इस भर्ती में आरक्षक GD, ड्राइवर, उप निरीक्षक और सूबेदार के पद शामिल होंगे। भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
सिंहस्थ 2028 को देखते हुए भर्ती में तेजी
उज्जैन में वर्ष 2028 में सिंहस्थ होना है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के अनुसार इस भर्ती के लिए नियमों में कोई नया बदलाव नहीं किया गया है। वर्ष 2025 में आरक्षक और उप निरीक्षक भर्ती के लिए जिन नियमों का इस्तेमाल किया गया था, वही नियम इस बार भी लागू रहेंगे।
SI और सूबेदार के लिए तीन चरणों में चयन
उप निरीक्षक और सूबेदार पदों के लिए अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरना होगा।वहीं आरक्षक पदों के लिए लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। आरक्षक भर्ती में साक्षात्कार नहीं होगा।दोनों श्रेणियों की मेरिट तैयार करते समय शारीरिक दक्षता परीक्षा में प्राप्त अंकों को भी शामिल किया जाएगा।
अगले साल फिर 8 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी
पुलिस विभाग की भर्ती प्रक्रिया यहीं खत्म नहीं होगी। मौजूदा भर्ती पूरी होने के बाद अगले वर्ष विभिन्न श्रेणियों में करीब 8 हजार पदों पर फिर भर्ती की योजना है।इस बीच पुलिस भर्ती बोर्ड के गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ने की संभावना है।