भोपाल। भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन आज मध्य प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखी और स्वस्थ जीवन की कामना करेंगी। रक्षाबंधन को लेकर प्रदेश में उत्साह का माहौल है। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने दी शुभकामनाएं
राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने अपने संदेश में कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और अटूट विश्वास का प्रतीक है। यह पर्व भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं और पारिवारिक समरसता को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन हमें भाई-बहन के पवित्र प्रेम के साथ सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा भी देता है। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं के प्रति सम्मान रखने और मातृशक्ति के सम्मान, सहयोग एवं सशक्तिकरण के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प लेने की अपील की।
CM मोहन यादव ने भी दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और अटूट विश्वास के साथ-साथ भारतीय संस्कृति के गरिमामय उत्कर्ष का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और आर्थिक मजबूती के लिए लाड़ली बहना योजना समेत कई योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं से प्रदेश में महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला है। उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान और महिला सशक्तिकरण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
रक्षाबंधन पर राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
श्रावण पूर्णिमा 27 अगस्त की सुबह शुरू होकर 28 अगस्त की सुबह समाप्त होगी। राखी बांधने का मुख्य शुभ समय सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक बताया गया है।
- लाभ मुहूर्त: सुबह 7:33 से 9:10 बजे तक
- अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त: सुबह 9:10 से 9:48 बजे तक
- वैकल्पिक समय: दोपहर 12:23 बजे से 2 बजे तक
इस दौरान बहनें शुभ मुहूर्त में भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख, समृद्धि और लंबी आयु की कामना करेंगी।