भोपाल: मध्यप्रदेश में आगामी छात्रसंघ चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अलग-अलग जिलों और संभागों के लिए 13 चुनाव प्रभारी नियुक्त किए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले ने इन नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। पार्टी ने प्रदेश के जिलों को 13 समूहों में बांटकर प्रत्येक समूह की जिम्मेदारी अलग-अलग प्रभारियों को सौंपी है। नवनियुक्त प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों को गति देंगे।
भोपाल, इंदौर और ग्वालियर की जिम्मेदारी
कांग्रेस की ओर से जारी सूची के अनुसार, भोपाल की जिम्मेदारी प्रकाश चौकसे को दी गई है। वहीं इंदौर के प्रभारी अमन बजाज और ग्वालियर के प्रभारी हेवरन कसाना बनाए गए हैं। रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज और मैहर की जिम्मेदारी मंजुल त्रिपाठी को सौंपी गई है। जबकि सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में अक्षय दुबे संगठन की तैयारियां देखेंगे।
शहडोल-जबलपुर समेत इन जिलों में भी प्रभारी नियुक्त
कांग्रेस ने शहडोल, उमरिया और अनूपपुर की जिम्मेदारी अजय यादव को दी है। वहीं जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी के प्रभारी विजय रजक होंगे। नर्मदापुरम, हरदा और बैतूल में मयूर जायसवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं भिंड, मुरैना और श्योपुर में सचिन त्रिवेदी संगठन का काम संभालेंगे।
मालवा-निमाड़ के जिलों की जिम्मेदारी भी तय
रायसेन, राजगढ़, सीहोर और विदिशा की जिम्मेदारी अर्पित उपाध्याय को दी गई है। शिवपुरी, गुना, अशोकनगर और दतिया के प्रभारी सौरभ यादव होंगे। मालवा-निमाड़ क्षेत्र में धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर की जिम्मेदारी दीपक उईके को दी गई है। वहीं उज्जैन, देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर और नीमच में डॉ. विजय बोधमा कांग्रेस की ओर से प्रभारी होंगे।
छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों में सक्रिय रहेंगे प्रभारी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी नवनियुक्त प्रभारियों से आगामी छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा है। प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में छात्रसंघ चुनाव से जुड़े छात्रों को सहयोग देने और संगठन की जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस की ओर से यह नियुक्तियां ऐसे समय की गई हैं, जब मध्यप्रदेश में छात्र राजनीति को लेकर गतिविधियां तेज होने लगी हैं। जिला स्तर पर प्रभारियों की तैनाती के जरिए पार्टी छात्र राजनीति में संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।